Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

ICICI Bank में 9.99% तक हिस्सेदारी ले सकेगी LIC, RBI ने दी मंजूरी

September 5, 2026

ICICI Bank में 9.99% तक हिस्सेदारी ले सकेगी LIC, RBI ने दी मंजूरी

नई दिल्ली: भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने सरकारी स्वामित्व वाली बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) को आईसीआईसीआई बैंक की चुकता शेयर पूंजी या वोटिंग राइट्स में कुल 9.99 प्रतिशत तक हिस्सेदारी हासिल करने की मंजूरी दे दी है। यह जानकारी निजी क्षेत्र के बैंक की ओर से शनिवार को दी गई।

आईसीआईसीआई बैंक ने बताया कि उसे आरबीआई की ओर से 4 सितंबर को जारी मंजूरी पत्र की प्रति उसी दिन रात 9:09 बजे प्राप्त हुई। इसके तहत एलआईसी मंजूरी प्राप्ति की तारीख से एक वर्ष के भीतर आईसीआईसीआई बैंक में यह हिस्सेदारी हासिल कर सकता है। अगर इस अवधि में हिस्सेदारी नहीं खरीदी गई तो यह मंजूरी स्वतः रद्द हो जाएगी। हालांकि, यह मंजूरी कुछ शर्तों के अधीन है। इनमें लागू वैधानिक और नियामकीय प्रावधानों का पालन करना भी शामिल है।

बैंक ने स्पष्ट किया कि आरबीआई की मंजूरी का मतलब यह नहीं है कि एलआईसी ने तुरंत आईसीआईसीआई बैंक में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाकर 9.99 प्रतिशत कर ली है। एलआईसी द्वारा की जाने वाली कोई भी हिस्सेदारी खरीद आरबीआई द्वारा निर्धारित शर्तों और अन्य लागू नियामकीय नियमों के अनुसार ही होगी।

इससे पहले पिछले महीने आरबीआई ने एलआईसी को एचडीएफसी बैंक की चुकता शेयर पूंजी या वोटिंग राइट्स में 9.99 प्रतिशत तक हिस्सेदारी खरीदने की मंजूरी दी थी। निजी बैंक ने बताया था कि 14 अगस्त तक एचडीएफसी बैंक की कुल शेयर पूंजी में एलआईसी की हिस्सेदारी 4.11 प्रतिशत थी। आईसीआईसीआई बैंक के लिए मिली यह मंजूरी एलआईसी को निजी क्षेत्र के इस बैंक में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की सुविधा देती है, हालांकि इसके लिए सभी लागू नियामकीय और वैधानिक आवश्यकताओं का पालन करना होगा।

शुक्रवार को बीएसई पर एलआईसी के शेयर 1 प्रतिशत से अधिक गिरावट के साथ 415.25 रुपए पर बंद हुए। एक्सचेंज के अनुसार, एलआईसी का 52-सप्ताह का उच्चतम स्तर 468.30 रुपए और 52-सप्ताह का न्यूनतम स्तर 361 रुपए है। वहीं, आईसीआईसीआई बैंक के शेयर 0.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,423 रुपए पर बंद हुए। इस शेयर का 52-सप्ताह का उच्चतम स्तर 1,479.90 रुपए और न्यूनतम स्तर 1,187.55 रुपए रहा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें