
Admission forms for classes 9–11 are now available : मोगा। जवाहर नवोदय विद्यालय, लोहारा में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए नौवीं और ग्यारहवीं कक्षा में दाखिले की प्रवेश परीक्षा के ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं। इच्छुक विद्यार्थी 30 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश परीक्षा 10 अप्रैल 2027 को आयोजित होगी। विद्यालय प्रबंधन ने पात्र विद्यार्थियों और अभिभावकों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है।
जवाहर नवोदय विद्यालय, लोहारा के स्कूल प्रमुख राकेश कुमार मीणा ने बताया कि नौवीं और ग्यारहवीं कक्षा में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा 10 अप्रैल, 2027 (शनिवार) को जवाहर नवोदय विद्यालय, मोगा में आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि नौवीं कक्षा में दाखिले के लिए परीक्षार्थी की जन्म तिथि 01 मई, 2012 से 31 जुलाई, 2014 के बीच होनी चाहिए, जबकि ग्यारहवीं कक्षा में दाखिले के लिए परीक्षार्थी की जन्म तिथि 01 जून, 2010 से 31 जुलाई, 2012 के बीच होना अनिवार्य है। दोनों मामलों में दी गई जन्म तिथि की सीमाओं में दोनों तिथियां शामिल हैं। नौवीं कक्षा के लिए प्रवेश परीक्षा का ऑनलाइन फॉर्म https://cbseitms.nic.in/2026/nvsix\_9 तथा ग्यारहवीं कक्षा के लिए फॉर्म https://cbseitms.nic.in/2026/nvsxi\_11 पर भरा जा सकता है।
राकेश कुमार मीणा ने आगे बताया कि दाखिले के लिए विद्यार्थी का शैक्षणिक सत्र 2026-27 के दौरान क्रमशः आठवीं या दसवीं कक्षा में अध्ययनरत होना तथा संबंधित कक्षा उत्तीर्ण करना अनिवार्य है। इसके अलावा ऑनलाइन फॉर्म भरने वाले विद्यार्थी के पास जिला मोगा से संबंधित आधार कार्ड या निवास प्रमाण पत्र होना भी आवश्यक है। उन्होंने योग्य विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों से अपील की कि वे प्रवेश परीक्षा के लिए निर्धारित योग्यता एवं अन्य शर्तों की पूरी तरह जांच करने के बाद 30 सितंबर, 2026 से पहले अपना ऑनलाइन फॉर्म अवश्य भरें, ताकि उन्हें दाखिला प्रक्रिया में भाग लेने का अवसर मिल सके।
मेष: दिन शुभ रहेगा...