Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

पांच राज्यों की 6 सीटों पर उपचुनाव का ऐलान, 6 अक्टूबर को वोटिंग; जानें कब आएंगे नतीजे

September 7, 2026

पांच राज्यों की 6 सीटों पर उपचुनाव का ऐलान, 6 अक्टूबर को वोटिंग; जानें कब आएंगे नतीजे

नई दिल्ली: चुनाव आयोग ने देश की छह खाली सीटों पर उपचुनाव कराने की तारीखों का ऐलान कर दिया है। इनमें चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की पांच विधानसभा सीटें और असम की एक लोकसभा सीट शामिल है। इन सभी सीटों पर 6 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा, जबकि वोटों की गिनती 9 अक्टूबर को की जाएगी।

चुनाव आयोग के मुताबिक, इन सीटों पर संबंधित सांसदों और विधायकों के इस्तीफे के बाद पद खाली हुए थे। इसी वजह से अब इन सीटों पर दोबारा चुनाव कराया जा रहा है।

किन सीटों पर होगा उपचुनाव?

पांच विधानसभा सीटों और एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव होना है।

विधानसभा सीटें:
– मदुरंतकम, तमिलनाडु
– धारापुरम, तमिलनाडु
– थट्टांचावडी, पुडुचेरी
– रेजीनगर, पश्चिम बंगाल
– नंदीग्राम, पश्चिम बंगाल

लोकसभा सीट:

– नौगांव, असम

क्या है पूरा चुनाव कार्यक्रम?

चुनाव आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, उपचुनाव की प्रक्रिया 9 सितंबर से शुरू होगी।

– अधिसूचना जारी होने की तारीख: 9 सितंबर 2026
– नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख: 16 सितंबर 2026
– नामांकन पत्रों की जांच: 17 सितंबर 2026
– नाम वापस लेने की अंतिम तारीख: 19 सितंबर 2026
– मतदान: 6 अक्टूबर 2026
– मतगणना: 9 अक्टूबर 2026
– चुनाव प्रक्रिया पूरी होने की तारीख: 11 अक्टूबर 2026

क्यों कराए जा रहे हैं उपचुनाव?

इन सभी छह सीटों पर जनप्रतिनिधियों के इस्तीफे के कारण पद खाली हुए हैं। असम की नौगांव लोकसभा सीट से सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे के बाद यह सीट खाली हुई। वहीं, पांच विधानसभा सीटों पर भी संबंधित विधायकों के इस्तीफे के बाद उपचुनाव की स्थिति बनी। तमिलनाडु की मदुरंतकम सीट पर विधायक मरागथम कुमारवेल और धारापुरम सीट पर पी. सत्यभामा के इस्तीफे के बाद सीटें खाली हुईं।

पश्चिम बंगाल की रेजीनगर सीट से विधायक हुमायूं कबीर और नंदीग्राम सीट से विधायक सुवेंदु अधिकारी के इस्तीफे के बाद इन दोनों सीटों पर उपचुनाव कराया जा रहा है। पुडुचेरी की थट्टांचावडी विधानसभा सीट भी विधायक एन. रंगासामी के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। अब इन छह सीटों पर चुनाव के बाद नए जनप्रतिनिधि चुने जाएंगे। 6 अक्टूबर को मतदान और 9 अक्टूबर को मतगणना के बाद चुनावी तस्वीर साफ हो जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें