
वडोदरा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को गुजरात के वडोदरा में 35,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (WDFC) के तीन महत्वपूर्ण सेक्शन, रेलवे और हाईवे से जुड़ी परियोजनाएं तथा गुजरात सरकार की कई विकास योजनाएं शामिल हैं।
वडोदरा में आयोजित ‘नमो फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इन परियोजनाओं से देश के विकास को गति मिलेगी और विकसित भारत के लक्ष्य की यात्रा और तेज होगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने वडोदरा के लोगों की ‘स्वच्छता से स्वागत’ मुहिम की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि शहर के लोगों ने जिस सेवा भावना के साथ पूरे वडोदरा में स्वच्छता अभियान चलाया, वह प्रशंसा के योग्य है। उन्होंने कहा कि विकास के इस उत्सव के दौरान वडोदरा के नागरिकों ने स्वच्छता को प्राथमिकता देकर एक अच्छा उदाहरण पेश किया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि 2,800 किलोमीटर से ज्यादा लंबे डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का पूरा होना 21वीं सदी के भारत के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लिए ऐसी कनेक्टिविटी जरूरी है, जो आसान होने के साथ-साथ तेज भी हो। उन्होंने कहा कि वडोदरा गति शक्ति यूनिवर्सिटी का घर है और अब डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के अंतिम लिंक भी यहां से जुड़ गए हैं। इससे देश में माल की तेज और बेहतर आवाजाही को बढ़ावा मिलेगा।
PM मोदी ने डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के निर्माण में आई देरी का जिक्र करते हुए कहा कि इस प्रोजेक्ट का विचार वर्ष 2004 में आया था। वर्ष 2006 में इसके लिए एक विशेष कंपनी बनाई गई, लेकिन 2014 तक परियोजना की प्रगति काफी धीमी रही। प्रधानमंत्री ने कहा कि उस समय फाइलें एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय तक घूमती रहती थीं और काम आगे नहीं बढ़ पा रहा था। उन्होंने इसी उदाहरण के जरिए पिछले 12 वर्षों में देश के काम करने के तरीके में आए बदलाव को बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्होंने लाल किले से ‘विकसित भारत’ के लिए सप्तधारा, यानी सात सूत्रीय संकल्प का आह्वान किया था। इन सात संकल्पों में से एक महत्वपूर्ण संकल्प ‘गति शक्ति’ है। उन्होंने कहा कि बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और तेज कनेक्टिविटी देश की आर्थिक प्रगति के लिए बेहद जरूरी हैं। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर जैसी परियोजनाएं रेलवे, उद्योग, व्यापार और लॉजिस्टिक्स को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वडोदरा में शुरू और पूरी की गई ये परियोजनाएं केवल शहर या गुजरात के विकास तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए पूरे देश की कनेक्टिविटी और विकास को नई मजबूती मिलेगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...