
Community protests in Moga : मोगा। लुधियाना में भारतीय संविधान के निर्माता बाबा साहेब डॉ. बी.आर. अंबेडकर की प्रतिमा से हुई बेअदबी की घटना के विरोध में पंजाब भर में रोष बढ़ता जा रहा है।
इसी कड़ी में वीरवार को मोगा में वाल्मीकि समाज के लोगों ने रोष प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने पंजाब सरकार और प्रशासन से घटना के आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने तथा उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। वाल्मीकि समाज के नेता साहिल खेरालिया ने कहा कि लुधियाना में बाबा साहेब की प्रतिमा का अपमान किया जाना बेहद दुखद और निंदनीय घटना है।
उन्होंने कहा कि प्रतिमा पर जूतियों की माला डालने की घटना से बाबा साहेब को मानने वाले करोड़ों लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। सरकार को मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करना चाहिए। साहिल खेरालिया ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा और उनके सम्मान की रक्षा के लिए सरकार को सख्त कानून बनाना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
उन्होंने कहा कि वाल्मीकि समाज इस मामले को लेकर चुप नहीं बैठेगा और संगठनों की अगली रणनीति के अनुसार संघर्ष को और तेज किया जाएगा। इस मौके पर हरबंस सागर ने कहा कि यह कोई सामान्य घटना नहीं है, बल्कि इसकी गहराई से जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं पंजाब के शांतिपूर्ण माहौल को खराब कर सकती हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों से बचें और शांति एवं सूझबूझ के साथ अपना रोष जाहिर करें।
उन्होंने कहा कि घटना के विरोध में पिछले दिन लुधियाना बंद रहा, जबकि आज जालंधर में भी बंद का आह्वान कर रोष जताया गया। पंजाब के विभिन्न हिस्सों में समाज और सामाजिक संगठनों की ओर से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनका संघर्ष शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहेगा और जब तक बाबा साहेब की प्रतिमा से बेअदबी करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक सरकार पर कार्रवाई के लिए दबाव बनाया जाता रहेगा।
मेष: दिन शुभ रहेगा...