Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

BRICS के दौरान रामाफोसा-अदाणी की अहम बैठक, निवेश और कारोबार बढ़ाने पर रहा फोकस

September 11, 2026

BRICS के दौरान रामाफोसा-अदाणी की अहम बैठक, निवेश और कारोबार बढ़ाने पर रहा फोकस

नई दिल्ली: ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 के दौरान दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा ने शुक्रवार को अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी से मुलाकात की। यह बैठक भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच व्यापारिक और निवेश संबंधों को और मजबूत बनाने के प्रयासों का हिस्सा मानी जा रही है।

दक्षिण अफ्रीकी सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि राष्ट्रपति रामाफोसा ने नई दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के इतर अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी से मुलाकात की। यह बैठक दक्षिण अफ्रीका की उन व्यावसायिक गतिविधियों का हिस्सा थी, जिनका उद्देश्य भारत के साथ आर्थिक सहयोग और निवेश साझेदारी को नई गति देना है।

राष्ट्रपति रामाफोसा ने शिखर सम्मेलन से पहले दक्षिण अफ्रीकी प्रतिनिधिमंडल के साथ एक रणनीतिक बैठक भी की, जिसमें ब्रिक्स मंच पर देश की कूटनीतिक और आर्थिक प्राथमिकताओं पर चर्चा की गई। दक्षिण अफ्रीका इस सम्मेलन का उपयोग ब्रिक्स देशों के बीच व्यापार और निवेश बढ़ाने, औद्योगीकरण को बढ़ावा देने, मूल्य संवर्धन को प्रोत्साहित करने और अफ्रीकी महाद्वीपीय मुक्त व्यापार क्षेत्र (एएफसीएफटीए) के अनुरूप अफ्रीकी अवसंरचना परियोजनाओं में निवेश आकर्षित करने के लिए करना चाहता है। भारत यात्रा के दौरान राष्ट्रपति रामाफोसा के साथ दक्षिण अफ्रीका के अंतरराष्ट्रीय संबंध एवं सहयोग मंत्री रोनाल्ड लामोला, राष्ट्रपति कार्यालय की मंत्री खुंबुद्जो न्तशावेनी, व्यापार, उद्योग और प्रतिस्पर्धा के उपमंत्री ज़ुको गोडलिम्पी तथा अन्य वरिष्ठ सरकारी अधिकारी भी मौजूद हैं।

Ramaphosa-Adani meeting BRICS
Ramaphosa-Adani meeting BRICS

राष्ट्रपति रामाफोसा ने ब्रिक्स बिजनेस फोरम को भी संबोधित किया, जहां उन्होंने व्यापार, वैश्विक आपूर्ति शृंखलाओं, कृषि, महिला-नेतृत्व वाले विकास, डिजिटल अर्थव्यवस्था और नवाचार जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि ब्रिक्स देशों के बीच गहरा आर्थिक सहयोग विकासशील अर्थव्यवस्थाओं के लिए नए अवसर पैदा कर सकता है।

शनिवार को राष्ट्रपति रामाफोसा ब्रिक्स नेताओं के एक विशेष बंद-द्वार सत्र में भी हिस्सा लेंगे, जिसका विषय “समावेशी वैश्विक शासन और बहुपक्षवाद को मजबूत बनाना” है। इस बैठक में संयुक्त राष्ट्र प्रणाली, अंतरराष्ट्रीय वित्तीय ढांचे और बहुपक्षीय व्यापार व्यवस्था में सुधार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी, ताकि वैश्विक संस्थाओं को अधिक प्रतिनिधिक और प्रभावी बनाया जा सके।

इसके अलावा, दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रपति भारत-दक्षिण अफ्रीका बिजनेस लीडरशिप राउंडटेबल को भी संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार और निवेश सहयोग को और मजबूत बनाना है। यात्रा के दौरान वे अन्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों, सरकार प्रमुखों और उद्योग जगत के नेताओं के साथ भी द्विपक्षीय बैठकें करेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें