Last Updated: November 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

कमिश्नरेट पुलिस का डबल अटैक : अवैध हुक्का बार सील, मैडीकल स्टोर से 8,800 नशीले कैप्सूल बरामद

September 12, 2026

कमिश्नरेट पुलिस का डबल अटैक : अवैध हुक्का बार सील, मैडीकल स्टोर से 8,800 नशीले कैप्सूल बरामद

जालंधर : कमिश्नरेट पुलिस ने नशे और अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर में दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया। पुलिस ने बिना लाइसैंस चल रहे हुक्का बार से 120 लीटर ड्राफ्ट बीयर और 8 हुक्के बरामद किए, जबकि एक मैडीकल स्टोर से 8,800 प्रैगाबलिन कैप्सूल जब्त किए गए। दोनों मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर ली गई हैं। पुलिस अब इस पूरे नैटवर्क की परतें खोलने में जुट गई हैं।

पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह (आईपीएस) के निर्देशों पर डीसीपी इन्वैस्टिगेशन मनप्रीत सिंह ढिल्लों, एडीसीपी सिटी-1 मुख्तियार राय तथा एसीपी मुख्यालय-कम-नॉर्थ करनैल सिंह की निगरानी में थाना डिवीजन नंबर-8 की टीम ने आबकारी विभाग के साथ पठानकोट चौक स्थित एक अवैध हुक्का बार पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान वहां से तीन ड्रमों में रखी कुल 120 लीटर ड्राफ्ट बीयर और 8 हुक्के बरामद किए गए। पुलिस ने बार संचालक शिवा ठाकुर को मौके से गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम तथा सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया।

इसी अभियान के दौरान ड्रग इंस्पैक्टर के साथ नूरपुर कॉलोनी स्थित एसपी मैडिकोज की जांच की गई। स्टॉक की जांच में 8,800 प्रैगाबलिन कैप्सूल बरामद हुए। इसके बाद मैडीकल स्टोर संचालक पवन बजाज को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नियंत्रित दवाओं का यह जखीरा कहां से आया और इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जा रही थी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों मामलों में बरामद सामान के स्रोत, सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की गहन जांच जारी है। शुरुआती जांच के आधार पर आने वाले दिनों में इस नैटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें