Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

नशे के खिलाफ विद्यार्थियों ने लिया संकल्प, एसएसपी ने खलग स्कूल में किया संवाद

September 12, 2026

नशे के खिलाफ विद्यार्थियों ने लिया संकल्प, एसएसपी ने खलग स्कूल में किया संवाद

शिमला: जिला शिमला पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘रुस्तम योजना’ के तहत पुलिस प्रशासन लगातार युवाओं और विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर रहा है। इसी कड़ी में 7 सितंबर 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिमला गौरव सिंह, IPS ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खलग (GSSS Khalag) का व्यक्तिगत रूप से दौरा किया।

इस दौरान एसएसपी ने विद्यालय में छठी से दसवीं कक्षा तक के करीब 210 विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे की बढ़ती समस्या, इसके शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और पूरे समाज पर भी इसका गंभीर प्रभाव पड़ता है।

संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की और नशे से दूर रहने को लेकर अपनी बात रखी। विद्यार्थियों ने दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ नशे के खिलाफ संकल्प को मजबूत किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिमला ने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसमें विद्यार्थियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने विद्यार्थियों से स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य स्कूली स्तर से ही बच्चों में नशे के प्रति जागरूकता पैदा कर उन्हें इसके दुष्प्रभावों से बचाना और समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाना है।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें