Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, 62 गिरफ्तार

September 12, 2026

नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, 62 गिरफ्तार

Police crackdown on drug smugglers : मोगा। ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ मुहिम के तहत मोगा पुलिस ने 5 से 11 सितंबर तक जिले में नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान 41 मामले दर्ज कर 62 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपियों से 748 ग्राम हेरोइन, 80 किलो चूरा पोस्त, 1014 नशीली गोलियां, अवैध शराब, हथियार और अन्य सामान बरामद किया। पुलिस ने नशे के हॉटस्पॉट क्षेत्रों में तीन विशेष CASO ऑपरेशन भी चलाए। इन आरोपियों से 243 ग्राम हेरोइन, 80 किलो चूरा पोस्त, 337 नशीली गोलियां और 8200 रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई। इसके अलावा एक आरोपी को गिरफ्तार कर 80 किलोग्राम चूरा पोस्त से भरी बिना नंबर की क्रेटा कार बरामद करना भी पुलिस की बड़ी सफलता रही। एसएसपी मोगा सर्ताज सिंह चहल, आईपीएस ने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है।

इस अवधि में एनडीपीएस एक्ट के तहत 35 मामले दर्ज कर 56 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 748 ग्राम हेरोइन, 80 किलो चूरा पोस्त और 1014 नशीली गोलियां बरामद की गईं। अवैध शराब का कारोबार करने वालों के खिलाफ भी पांच मामले दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 153.750 लीटर शराब बरामद की गई। वहीं अवैध हथियारों के मामले में एक केस दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनसे एक पिस्तौल, मैगजीन और पांच कारतूस बरामद हुए।

पुलिस ने चार भगोड़ों को भी गिरफ्तार किया। लूट-छीनाझपटी व चोरी के मामलों में चार आरोपियों को काबू कर आठ मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। एसएसपी ने आम लोगों से अपील की कि नशे के कारोबार की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस द्वारा पंचायतों, स्पोर्ट्स क्लबों और गणमान्य लोगों के साथ बैठकें कर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस दौरान 42 सेमिनार व बैठकें आयोजित कर नशे के खिलाफ जनसहयोग बढ़ाने का प्रयास किया गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें