Last Updated: November 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

शेख सराय में 151.81 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी अत्याधुनिक क्षेत्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला : CM Delhi

September 13, 2026

शेख सराय में 151.81 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी अत्याधुनिक क्षेत्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला : CM Delhi

नई दिल्ली : दिल्ली सरकार ने राजधानी में आपराधिक मामलों की वैज्ञानिक जांच को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई व्यय वित्त समिति (ईएफसी) की बैठक में शेख सराय में अत्याधुनिक क्षेत्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (आरएफएसएल) के निर्माण को मंजूरी दी गई है। परियोजना पर 151.81 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को प्रयोगशाला का निर्माण दो वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य दिया है। करीब 6,300 वर्गमीटर भूखंड पर बनने वाली इस प्रयोगशाला का कुल निर्मित क्षेत्र लगभग 18,300 वर्गमीटर होगा। भवन को वैज्ञानिक जांच की जरूरतों के अनुरूप एकीकृत फोरेंसिक सुविधा के रूप में विकसित किया जाएगा।

रोहिणी एफएसएल को मिलेगी अतिरिक्त सहायता : नई क्षेत्रीय प्रयोगशाला रोहिणी स्थित मौजूदा फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की वैज्ञानिक क्षमता को भी मजबूत करेगी। इसका विशेष लाभ दक्षिण, दक्षिण-पूर्व और मध्य दिल्ली के जिलों को मिलेगा। इससे विभिन्न आपराधिक मामलों में साक्ष्यों की वैज्ञानिक जांच के लिए स्थानीय स्तर पर अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध होगी।

फोरेंसिक रिपोर्ट की प्रक्रिया होगी तेज
दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने कहा कि नई आरएफएसएल शुरू होने के बाद मामलों से जुड़े साक्ष्यों की जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया अधिक तेज और सुगम होगी। इससे साक्ष्य आधारित जांच को मजबूती मिलेगी तथा अदालतों में आपराधिक मामलों के समयबद्ध निपटारे में भी सहायता मिलेगी। सरकार के अनुसार, नई प्रयोगशाला से दिल्ली में फोरेंसिक बुनियादी ढांचे का विस्तार होगा और पुलिस को वैज्ञानिक जांच के लिए आवश्यक विशेषज्ञता एवं संसाधन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे अपराध की जांच और न्यायिक प्रक्रिया, दोनों को गति मिलने की उम्मीद है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें