Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिमाचल में बनेगा राज्यव्यापी रोबोटिक सर्जरी नेटवर्क, आईजीएमसी में विशेषज्ञों ने तैयार की रूपरेखा

September 13, 2026

हिमाचल में बनेगा राज्यव्यापी रोबोटिक सर्जरी नेटवर्क, आईजीएमसी में विशेषज्ञों ने तैयार की रूपरेखा

शिमला। हिमाचल प्रदेश में अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। प्रदेश में राज्यव्यापी रोबोटिक सर्जरी नेटवर्क विकसित करने की दिशा में आईजीएमसी शिमला में राज्य स्तरीय सीएमई एवं राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। आईजीएमसी के सर्जरी विभाग की ओर से आयोजित इस सम्मेलन में प्रदेश के प्रमुख सरकारी मेडिकल संस्थानों के रोबोटिक सर्जनों और विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया।

सम्मेलन का आयोजन आईजीएमसी शिमला में रोबोटिक सर्जरी कार्यक्रम के छह माह सफलतापूर्वक पूरे होने के अवसर पर किया गया। इस दौरान आईजीएमसी शिमला, एसएलबीएसजीएमसी नेरचौक मंडी और डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज टांडा के विशेषज्ञों ने अपने क्लीनिकल अनुभव साझा किए और प्रदेश में रोबोटिक सर्जरी के चरणबद्ध विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की।

विशेषज्ञों ने कहा कि रोबोटिक सर्जरी को प्रदेश के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में मजबूत करने के लिए विशेषज्ञ प्रशिक्षण, आधुनिक बुनियादी ढांचा, मरीजों का उचित चयन, ऑपरेशन थिएटर की तैयारी और मानकीकृत क्लीनिकल प्रोटोकॉल बेहद जरूरी हैं। शुरुआती प्रशिक्षण अवधि में सुरक्षित तरीके से दक्षता विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण दिल्ली के प्रख्यात रोबोटिक सर्जन डॉ. विवेक बिंदल द्वारा की गई दो उन्नत लाइव रोबोटिक सर्जिकल प्रक्रियाएं रहीं। लाइव सर्जरी के माध्यम से प्रदेश के चिकित्सकों और रोबोटिक सर्जरी टीमों को उन्नत ऑपरेटिव तकनीक, सर्जिकल प्लानिंग और ऑपरेशन के दौरान निर्णय लेने की प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिला।

विशेषज्ञों ने रोबोटिक सर्जरी कार्यक्रम में एनेस्थीसिया टीम की भूमिका को भी अहम बताया। मरीजों की प्री-ऑपरेटिव तैयारी, पेरीऑपरेटिव प्लानिंग, एनेस्थीसिया प्रबंधन और सर्जिकल टीम के साथ बेहतर समन्वय ने जटिल प्रक्रियाओं को सुरक्षित तरीके से पूरा करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न संस्थानों के बीच सहयोग, संरचित प्रशिक्षण, शैक्षणिक आदान-प्रदान और अनुसंधान को बढ़ावा देने पर भी सहमति बनी। साथ ही भविष्य में रोबोटिक सर्जरी को अन्य विशेषज्ञताओं तक विस्तार देने की संभावनाओं पर भी मंथन किया गया।

चिकित्सकों ने प्रदेश की सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था में आधुनिक रोबोटिक तकनीक उपलब्ध करवाने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व और सहयोग के प्रति आभार जताया। विशेषज्ञों का कहना है कि रोबोटिक सर्जरी के विस्तार से प्रदेश के मरीजों को उन्नत उपचार अपने राज्य में ही उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी और गंभीर सर्जरी के लिए बाहरी राज्यों पर निर्भरता कम करने की दिशा में यह अहम कदम साबित हो सकता है।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें