Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

आईआईटी रोपड़ में आयोजित रिसर्च कांग्रेस में HPU ने रखी शोध प्रगति

September 13, 2026

आईआईटी रोपड़ में आयोजित रिसर्च कांग्रेस में HPU ने रखी शोध प्रगति

शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला की टीम ने शनिवार, 12 सितंबर को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रोपड़ में आयोजित एक दिवसीय कंसोर्टियम-वाइड रिसर्च कांग्रेस में भाग लिया। यह आयोजन अनुसंधान राष्ट्रीय अनुसंधान फाउंडेशन (ANRF) की पार्टनरशिप्स फॉर एक्सेलरेटेड इनोवेशन एंड रिसर्च (ANRF-PAIR) पहल के तहत DREAMS Consortium के अंतर्गत आयोजित किया गया।

रिसर्च कांग्रेस में हब संस्थान आईआईटी रोपड़ के साथ कंसोर्टियम के सभी सात स्पोक संस्थानों—हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश, केंद्रीय विश्वविद्यालय राजस्थान, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, पंजाब विश्वविद्यालय, महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय और श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय—के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में ANRF के अधिकारी भी मौजूद रहे। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कुलपति प्रो. महावीर सिंह ने किया। उनके साथ परियोजना के प्रधान अन्वेषक डॉ. रमेश ठाकुर तथा सह-प्रधान अन्वेषक प्रो. एन.एस. नेगी, डॉ. संदीप चौहान और डॉ. मनीष कुमार शामिल रहे।

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए प्रो. महावीर सिंह ने संस्थानों के बीच सहयोग और ज्ञान के आदान-प्रदान को समय की जरूरत बताया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों को अपनी सीमाओं से आगे बढ़कर एक-दूसरे के साथ मिलकर काम करना होगा। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि ANRF-PAIR कार्यक्रम का लाभ केवल विश्वविद्यालयों और प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों, महाविद्यालयों और स्कूलों तक भी पहुंचना चाहिए।

कांग्रेस के दौरान DREAMS Consortium के तहत पिछले एक वर्ष में किए गए कार्यों की समीक्षा की गई। विभिन्न संस्थानों ने अपनी शोध उपलब्धियों, क्षमता निर्माण, बुनियादी ढांचे के विकास और सहयोगात्मक गतिविधियों की जानकारी साझा की। साथ ही आगामी वर्ष के लिए लक्ष्य, प्राथमिकताएं और कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई। HPU की ओर से डॉ. रमेश ठाकुर ने विश्वविद्यालय की पहले वर्ष की प्रगति पर प्रस्तुति दी। उन्होंने शोध क्षमता को मजबूत करने, संयुक्त शोध परियोजनाओं, संस्थानों के बीच संवाद और प्रभावी शोध परिणाम हासिल करने के लिए प्रस्तावित कार्ययोजना की जानकारी दी।

आईआईटी रोपड़ के निदेशक प्रो. राजीव आहूजा ने संयुक्त शोध गतिविधियों, साझा शोध परियोजनाओं और संयुक्त शोध प्रकाशनों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कंसोर्टियम के संस्थानों के बीच संयुक्त पीएचडी कार्यक्रम शुरू करने की संभावनाएं तलाशने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि यह कंसोर्टियम शोध विशेषज्ञता, बुनियादी ढांचे, विचारों और मानव संसाधनों को साझा करने का स्थायी मंच बन सकता है।

बैठक में आने वाले महीनों में विभिन्न स्पोक संस्थानों और आईआईटी रोपड़ में इसी तरह की बैठकों और अकादमिक गतिविधियों के आयोजन का निर्णय भी लिया गया। रिसर्च कांग्रेस से अंतर-संस्थागत शोध सहयोग, क्षमता निर्माण, छात्र-शिक्षक संवाद और उच्च प्रभाव वाले शोध परिणामों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। HPU की सक्रिय भागीदारी विश्वविद्यालय की सहयोगात्मक और अंतर्विषयक शोध को मजबूत करने तथा शोध को समाज के लिए उपयोगी बनाने की दिशा में प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें