
Moga Cleanliness Drive Under ‘Swachh Abhiyan Punjab’ : मोगा। ‘स्वच्छ अभियान पंजाब’ के तहत मोगा जिले को साफ-सुथरा और कूड़ा मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन ने शहरी क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान तेज कर दिया है। रविवार को धर्मकोट नगर कौंसिल और फतेहगढ़ पंजतूर नगर पंचायत के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई, कूड़ा उठाने और जरूरत के अनुसार फॉगिंग का कार्य करवाया गया।
प्रशासन ने लोगों से स्वच्छता बनाए रखने और गीले-सूखे कूड़े को अलग रखने की अपील की। अभियान का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने के साथ-साथ लोगों को स्वच्छता और स्वस्थ वातावरण के प्रति जागरूक करना है। डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि जिले के विभिन्न शहरी क्षेत्रों में सफाई कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। बड़े कूड़ा डंप, खाली प्लाटों और सार्वजनिक स्थानों पर जमा कूड़े को हटाकर सफाई करवाई जा रही है। इसके अलावा मुख्य बाजारों, रिहायशी क्षेत्रों, सरकारी कार्यालयों के आसपास तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों की सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर सफाई की विशेष जरूरत महसूस होती है, वहां तुरंत सफाई कार्य करवाए जा रहे हैं। इसके साथ ही आवश्यकता के अनुसार फॉगिंग स्प्रे भी करवाया जा रहा है, ताकि शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता के साथ स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सके। डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने जिलेवासियों से अपील की कि वे कूड़ा खुले में न फेंकें तथा गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग रखें। उन्होंने कहा कि कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डाला जाए और सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल से परहेज किया जाए।
उन्होंने लोगों से अपने घरों, दुकानों और आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने की अपील करते हुए कहा कि ‘साफ मोगा–स्वस्थ मोगा’ का लक्ष्य जिला प्रशासन और स्थानीय निकायों के प्रयासों के साथ-साथ लोगों के सक्रिय सहयोग से ही हासिल किया जा सकता है। अभियान की नोडल अधिकारी हर्षिता शर्मा ने बताया कि ‘स्वच्छ अभियान पंजाब’ के तहत जिले में अधिक से अधिक सफाई कार्य करवाए जाएंगे। सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए आने वाले दिनों में भी लगातार प्रयास जारी रहेंगे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...