Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

निहाल सिंह वाला में 15 सितंबर को ड्रोन शो

September 13, 2026

निहाल सिंह वाला में 15 सितंबर को ड्रोन शो

Drone Show in Nihal Singh Wala on Sept 15 : मोगा। पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत मोगा जिले में पहला विशेष ड्रोन शो 15 सितंबर को दाना मंडी निहाल सिंह वाला में होगा।

शाम 7 से 8 बजे तक होने वाले इस शानदार ड्रोन शो के माध्यम से श्री गुरु रविदास महाराज जी के महान जीवन, उनकी शिक्षाओं तथा समानता, भाईचारे, करुणा और सामाजिक न्याय के संदेश को आधुनिक तकनीक और आकर्षक प्रस्तुति के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जाएगा। डिप्टी कमिश्नर मोगा श्री सागर सेतिया ने बताया कि दाना मंडी निहाल सिंह वाला में होने वाले इस ड्रोन शो के दौरान आकाश में तालमेल के साथ बनाई जाने वाली विभिन्न ड्रोन आकृतियों, प्रभावशाली नैरेशन और कहानी प्रस्तुति के माध्यम से श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन और महान दर्शन को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि गुरु जी की ओर से दिया गया मानव समानता, आपसी भाईचारे, करुणा और सामाजिक न्याय का संदेश आज भी पूरी मानवता के लिए बेहद प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि निहाल सिंह वाला में आयोजित किया जा रहा यह ड्रोन शो श्री गुरु रविदास महाराज जी को उचित श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ उनके अमर संदेश को नई पीढ़ी तक प्रभावशाली ढंग से पहुंचाने का एक अभिनव प्रयास है।

उन्होंने कहा कि यह केवल एक आकर्षक तकनीकी प्रस्तुति नहीं, बल्कि गुरु जी के समानता, मानव सम्मान और भाईचारे के दर्शन से लोगों को जोड़ने वाला एक सार्थक प्रयास है। डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि मोगा जिले में इसी श्रृंखला के तहत 16 सितंबर को संत बाबा गुरमेल सिंह ग्राउंड, बाघापुराना, 17 सितंबर को दाना मंडी मोगा और 18 सितंबर को दाना मंडी धर्मकोट में भी विशेष ड्रोन शो आयोजित किए जाएंगे।

सागर सेतिया ने जिलेवासियों से अपील की कि वे 15 सितंबर को शाम 7 बजे दाना मंडी निहाल सिंह वाला में होने वाले इस विशेष ड्रोन शो में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम श्री गुरु रविदास महाराज जी के महान जीवन, उनकी शिक्षाओं और मानवता की भलाई के लिए दिए गए संदेश को समझने तथा उसे अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें