Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

शादी का वादा कर होटल में संबंध बनाने का आरोप, क्रिकेटर मोहम्मद शमी के खिलाफ रेप की FIR

September 14, 2026

शादी का वादा कर होटल में संबंध बनाने का आरोप, क्रिकेटर मोहम्मद शमी के खिलाफ रेप की FIR

खेल डेस्क: भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाई और रणजी क्रिकेटर मोहम्मद कैफ की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लखनऊ की एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने कैफ के खिलाफ रेप की धाराओं में FIR दर्ज की है। महिला ने आरोप लगाया है कि कैफ ने उसे शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी से दूरी बनाने लगे।

इस मामले में कैफ के बड़े भाई मोहम्मद हसीब के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। महिला ने हसीब पर बदसलूकी करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामला लखनऊ के आशियाना थाने का है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी मुलाकात

महिला के मुताबिक, साल 2020 में वह गाजियाबाद में रहती थी। इसी दौरान एक कॉमन फ्रेंड के जरिए उसकी मुलाकात मोहम्मद कैफ से हुई। दोनों की दोस्ती बढ़ी और इसके बाद वे एक-दूसरे से मिलने लगे। महिला का आरोप है कि अगस्त 2023 में कैफ ने उसके सामने शादी का प्रस्ताव रखा। महिला ने उन्हें बताया था कि वह तलाकशुदा है और उसका एक बेटा भी है। शिकायत के अनुसार, कैफ ने कहा कि उन्हें इससे कोई परेशानी नहीं है और उन्होंने शादी करने का भरोसा दिया।

कोलकाता के होटल में संबंध बनाने का आरोप

शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि 9 सितंबर 2023 को कैफ ने उसे कोलकाता के एक होटल में बुलाया। महिला के मुताबिक, यहां कैफ ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। महिला का कहना है कि इसके बाद जब भी उसने शादी की बात की, तो कैफ कथित तौर पर आईपीएल ऑक्शन के बाद निकाह करने की बात कहकर उसे टालते रहे। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि वह एयरलाइंस में केबिन क्रू के तौर पर काम करती थी और कैफ को उसकी नौकरी पसंद नहीं थी। शिकायत के मुताबिक, कैफ ने उस पर नौकरी छोड़ने का दबाव बनाया।

आईपीएल ऑक्शन के बाद दूरी बनाने का आरोप

महिला का आरोप है कि आईपीएल ऑक्शन बीत जाने के बाद कैफ ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी। इसके बाद उसने कैफ के परिवार से संपर्क करने की कोशिश की। शिकायत के अनुसार, 19 मई को बातचीत के लिए महिला को अमरोहा बुलाया गया। महिला का आरोप है कि वहां कैफ के बड़े भाई मोहम्मद हसीब ने उसके साथ बदसलूकी की और उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद महिला अमरोहा से वापस लखनऊ के आशियाना स्थित अपने घर लौट आई और पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

पहले थाने और फिर DCP से की शिकायत

महिला के मुताबिक, उसने सबसे पहले 31 अगस्त को आशियाना थाने में शिकायत दी थी। इसके बाद उसने डीसीपी से भी शिकायत की। महिला का आरोप है कि शुरुआत में मामले में तुरंत कार्रवाई नहीं हुई। रविवार को शिकायत सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों का ध्यान इस मामले की ओर गया। इसके बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आशियाना पुलिस ने मोहम्मद कैफ और उनके भाई मोहम्मद हसीब के खिलाफ केस दर्ज किया।

पुलिस कर रही आरोपों की जांच

DCP सेंट्रल विक्रांत वीर के मुताबिक, उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आशियाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी है। फिलहाल FIR महिला की शिकायत और उसके लगाए गए आरोपों के आधार पर दर्ज हुई है। पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है। महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और आरोप साबित होना बाकी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें