Last Updated: November 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

कूका शहीद स्मारक कार्यक्रम को लेकर MCA सख्त, अमृतसर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ तेज हुआ अभियान

September 14, 2026

कूका शहीद स्मारक कार्यक्रम को लेकर MCA सख्त, अमृतसर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ तेज हुआ अभियान

अमृतसर: कूका शहीद स्मारक ट्रस्ट द्वारा 15 सितंबर 2026 को आयोजित किए जा रहे कार्यक्रम के मद्देनज़र नगर निगम अमृतसर (MCA) द्वारा संबंधित क्षेत्रों में यातायात को सुचारू बनाने, सफाई व्यवस्था तथा आवश्यक नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है।

कार्यक्रम सुबह 9:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इसके मद्देनज़र नगर निगम द्वारा सार्वजनिक सड़कों, गलियों, फुटपाथों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों का जायजा लिया गया और जहां आवश्यकता थी, वहां अवैध अतिक्रमण हटाए गए। फील्ड टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे किसी भी अवरोध को तुरंत दूर किया जाए, जिससे आम लोगों, स्थानीय निवासियों अथवा कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को यातायात संबंधी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

नगर निगम कमिश्नर बिक्रमजीत सिंह शेरगिल, IAS ने संबंधित अधिकारियों को इंफोर्समेंट, सफाई एवं नागरिक विभागों के बीच प्रभावी तालमेल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मेयर जतिंदर सिंह भाटिया तथा अतिरिक्त नगर निगम कमिश्नर डॉ. जय इंदर सिंह ने समय पर कार्रवाई करने और आम लोगों की सुविधा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया है। सचिव-कम-एस्टेट अधिकारी सुशांत भाटिया, एस्टेट अधिकारी धर्मिंदर जीत सिंह तथा संबंधित इंफोर्समेंट कर्मचारियों को सार्वजनिक स्थानों का निरीक्षण करने और अवैध अतिक्रमणों को हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसी प्रकार नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण, डॉ. योगेश अरोड़ा एवं डॉ. रमा, मुख्य सैनिटरी अधिकारी मलकीअत सिंह तथा जे.पी. बब्बर द्वारा आवश्यकता के अनुसार सफाई व्यवस्था का समन्वय किया जाएगा। संबंधित फील्ड स्टाफ, जिसमें इंस्पेक्टर प्रीति चौहान एवं अमन कुमार शामिल हैं, इंफोर्समेंट तथा जमीनी स्तर पर समन्वय में सहयोग करेंगे।

नगर निगम द्वारा दुकानदारों, रेहड़ी-फड़ी वालों, स्थानीय निवासियों तथा अन्य संबंधित पक्षों से अपील की गई है कि वे सड़कों, फुटपाथों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध अतिक्रमण स्वयं हटा लें और नगर निगम की कार्रवाई में सहयोग करें। सार्वजनिक स्थानों पर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले किसी भी अवैध अतिक्रमण के खिलाफ लागू नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम अमृतसर ने दोहराया है कि सार्वजनिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान स्वच्छ और अतिक्रमण मुक्त सार्वजनिक स्थानों के साथ-साथ आम लोगों एवं कार्यक्रम में आने वाले श्रद्धालुओं की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।

📍 Location: Amritsar (Amritsar)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें