Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

AUS vs SA: सैंडपेपर विवाद के बाद पहली बार दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट सीरीज खेलेगी ऑस्ट्रेलिया, पैट कमिंस ने माना चुनौती आसान नहीं

September 15, 2026

AUS vs SA: सैंडपेपर विवाद के बाद पहली बार दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट सीरीज खेलेगी ऑस्ट्रेलिया, पैट कमिंस ने माना चुनौती आसान नहीं

Australia South Africa Test Series: ऑस्ट्रेलिया का दक्षिण अफ्रीका दौरा 24 सितंबर से शुरू होने जा रहा है, जिसमें दोनों टीमों के बीच तीन वनडे और तीन टेस्ट मैच खेले जाएंगे। 2018 के चर्चित सैंडपेपर गेट विवाद के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम पहली बार दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट सीरीज खेलने पहुंचेगी। कप्तान पैट कमिंस का मानना है कि उस पुराने विवाद की वजह से टीम को दौरे के दौरान कुछ मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है।

कमिंस ने ‘कीपिन इट क्रिकेट’ पॉडकास्ट में कहा कि टेस्ट सीरीज के दौरान दोनों टीमों के बीच थोड़ी दुश्मनी देखने को मिल सकती है। हालांकि, उन्होंने इसे एशेज से ज्यादा शोरगुल वाला नहीं माना। कमिंस ने इंग्लैंड के बर्मिंघम स्थित एजबेस्टन के हॉलीज स्टैंड का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां का माहौल काफी शोरगुल वाला होता है।

दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट खेलने के अनुभव को लेकर कमिंस ने कहा कि वहां दर्शकों के कुछ हिस्से काफी मुखर होते हैं और वह पहले भी इस तरह की परिस्थितियों का सामना कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि बतौर कप्तान उनका ध्यान मैदान के बीच में खेलने पर रहेगा और वह दर्शकों के ज्यादा करीब नहीं होंगे।

ये भी पढे़ं :–https://dainiksaveratimes.com/sports/ind-vs-afg-second-t20-team-india-series-win/

कमिंस ने यह भी कहा कि उन्हें उम्मीद है कि 2018 का विवाद अब काफी हद तक शांत हो चुका होगा और ऑस्ट्रेलियाई टीम का पूरा ध्यान क्रिकेट पर रहेगा। उनके मुताबिक, तीन टेस्ट मैचों की सीरीज के दौरान खिलाड़ी जल्दी ही क्रिकेट में व्यस्त हो जाते हैं और उनका ध्यान पुराने विवाद के बजाय मुकाबलों पर केंद्रित हो जाता है।

दरअसल, 2018 में बॉल टैंपरिंग के लिए सैंडपेपर के इस्तेमाल के मामले ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को बड़ा झटका दिया था। इस विवाद के बाद तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर पर एक-एक साल का प्रतिबंध लगाया गया था, जबकि कैमरन बैनक्रॉफ्ट को नौ महीने के लिए निलंबित किया गया था। कमिंस का मानना है कि उनकी टीम अब उस मामले से आगे बढ़ चुकी है, हालांकि स्टेडियम में कुछ दर्शकों और मीडिया में इस घटना का जिक्र फिर से हो सकता है।

ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका दोनों के लिए यह टेस्ट सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल की दौड़ के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होगी। ऐसे में 2018 के विवाद की पृष्ठभूमि और दोनों टीमों की मौजूदा प्रतिस्पर्धा को देखते हुए टेस्ट सीरीज में रोमांच और दबाव दोनों देखने को मिल सकते हैं। दुनियाभर के क्रिकेट फैंस की नजर इस मुकाबले पर रहेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें