Last Updated: September 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के 25 वर्ष…प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में स्थापित की नई कार्य संस्कृति : डॉ. राजीव बिंदल

September 16, 2026

सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के 25 वर्ष…प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में स्थापित की नई कार्य संस्कृति : डॉ. राजीव बिंदल

शिमला: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी का 17 सितंबर को जन्मदिवस है और इसी अवसर पर मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में उनके सार्वजनिक जीवन में शासन के 25 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। ये 25 वर्ष सेवा, समर्पण, त्याग, राष्ट्रहित, गरीब कल्याण और विकास को समर्पित रहे हैं तथा इस कालखंड ने देश में एक नई राजनीतिक एवं प्रशासनिक कार्य संस्कृति को जन्म दिया है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजनीति को सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा से राष्ट्रसेवा का माध्यम बनाया। उन्होंने हर योजना और प्रत्येक विकास कार्य को सेवा की भावना से जोड़ा और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को शासन की प्राथमिकता बनाया। 2004 से 2014 तक देश में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार का कार्यकाल अनेक घोटालों और भ्रष्टाचार के आरोपों के लिए याद किया जाता है, जबकि 2014 से 2026 तक नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का कालखंड गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवा उत्थान, किसान कल्याण, आधारभूत ढांचे के विस्तार और भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ने का कालखंड बना है।

गरीब कल्याण से आत्मनिर्भर भारत तक मोदी सरकार ने बदली कार्य संस्कृति

डॉ. बिंदल ने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों के कारण करोड़ों देशवासियों के जीवन में बड़ा परिवर्तन आया है। लगभग 25 करोड़ लोगों के बहुआयामी गरीबी से बाहर निकलने, करोड़ों नागरिकों को आयुष्मान भारत के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा, किसानों को किसान सम्मान निधि, लगभग 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, गरीब परिवारों को करोड़ों पक्के मकान और करोड़ों घरों तक नल से जल पहुंचाने जैसे कार्यों ने गरीब कल्याण को केवल नारे से निकालकर धरातल पर उतारा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा दी है। भारत आज विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर तथा रक्षा उत्पादन जैसे क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी उत्पादन को प्रोत्साहन देने के साथ आतंकवाद, नक्सलवाद और आंतरिक सुरक्षा की चुनौतियों से निपटने में भी केंद्र सरकार ने निर्णायक नीति अपनाई है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज भारत दुनिया के सामने एक मजबूत, आत्मविश्वासी और तेजी से आगे बढ़ती शक्ति के रूप में खड़ा है।

हिमाचल को मोदी सरकार ने दी विकास की नई दिशा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिमाचल प्रदेश के साथ विशेष लगाव रहा है और उनके नेतृत्व में प्रदेश को आधारभूत ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में अभूतपूर्व परियोजनाएं मिली हैं। पहाड़ी प्रदेश में सड़कें वास्तव में भाग्य रेखाएं हैं। मोदी सरकार के कार्यकाल में हिमाचल में फोरलेन हाईवे, बड़ी सुरंगों और विशाल पुलों के निर्माण से दूरियां कम हुई हैं और प्रदेश की कनेक्टिविटी का स्वरूप बदल रहा है। कीरतपुर-बिलासपुर-मंडी-मनाली मार्ग, कालका-शिमला मार्ग, शिमला क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं और प्रदेश के अन्य हिस्सों में चल रहे सड़क निर्माण हिमाचल के पर्यटन, व्यापार और अर्थव्यवस्था को नई गति देने वाले हैं।

डॉ. बिंदल ने अटल टनल रोहतांग का उल्लेख करते हुए कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद अत्याधुनिक सुरंगों और पुलों का निर्माण यह दर्शाता है कि केंद्र सरकार हिमाचल की चुनौतियों को अवसर में बदलने के लिए किस स्तर पर काम कर रही है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से हिमाचल में लगभग 20 हजार किलोमीटर सड़कों का निर्माण हुआ है और इनमें एक बड़ा हिस्सा प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में बना है। इन सड़कों ने हजारों गांवों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान की है।

AIIMS और IIM जैसे संस्थान हिमाचल के विकास में मील का पत्थर

डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हिमाचल को AIIMS बिलासपुर और IIM सिरमौर जैसे राष्ट्रीय महत्व के संस्थान मिले। इसके अलावा मेडिकल कॉलेजों, नर्सिंग शिक्षा तथा स्वास्थ्य एवं शिक्षा क्षेत्र में केंद्र सरकार की ओर से बड़ी आर्थिक सहायता प्रदेश को मिली है। केंद्र सरकार द्वारा विकसित किया जा रहा सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा का आधारभूत ढांचा आने वाले दशकों में हिमाचल की आर्थिक तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

17 सितंबर को घर-घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’

डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और सेवा एवं समर्पण के 25 वर्षों के अवसर पर 17 सितंबर को पूरे हिमाचल प्रदेश में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश भर में रक्तदान शिविर आयोजित होंगे और शाम को हिमाचल के घर-घर में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की जाएगी, जिसने हमारा जीवन संवारा, उसे है आशीर्वाद हमारा।” डॉ. बिंदल ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे 17 सितंबर की शाम अपने घरों में आशीर्वाद का दीया जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना स्नेह और आशीर्वाद प्रदान करें।

एक माह तक जन-जन तक पहुंचाएंगे सेवा और समर्पण की यात्रा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 17 सितंबर से शुरू होकर एक माह तक सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न सामाजिक एवं सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा, समर्पण और विकास के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएंगे। यह अभियान केवल प्रधानमंत्री का जन्मदिवस मनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज सेवा को संगठनात्मक संस्कार के रूप में और मजबूत करने का अभियान है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष सेवा के हैं, 25 वर्ष समर्पण के हैं, 25 वर्ष राष्ट्रहित के हैं और 25 वर्ष भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के हैं। हिमाचल प्रदेश भी इस विकास यात्रा का महत्वपूर्ण भागीदार रहा है। डॉ. राजीव बिंदल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की और कहा कि प्रधानमंत्री लंबे समय तक देश का मार्गदर्शन करते हुए विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में भारत का नेतृत्व करते रहें।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें