शिमला। शिमला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चिट्टा सप्लाई करने वाले एक मुख्य आरोपी को पंजाब से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस थाना ढली में दर्ज अभियोग संख्या 84/2026 में बैकवर्ड लिंक के आधार पर की गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय कुमार (24) पुत्र बलविन्द्र सिंह निवासी जिला फाजिल्का, पंजाब के रूप में हुई है।
मामला 28 अगस्त 2026 का है। ढली पुलिस की टीम भट्टाकुफर-ढली टनल मार्ग पर गश्त और अपराध की रोकथाम के लिए मौजूद थी। इस दौरान एक टैक्सी/कार को चेक किया गया। वाहन की चालक सीट पर दुष्यंत वर्मा (25) निवासी सुन्नी, जिला शिमला और अगली सीट पर अक्षय शर्मा (24) निवासी आनी, जिला कुल्लू बैठे मिले। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 6.5 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ धारा 21 और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था।
जांच के दौरान पुलिस ने नशे की सप्लाई के स्रोत और बैकवर्ड लिंक खंगाले। जांच में सामने आया कि अजय कुमार ने कथित तौर पर फाजिल्का क्षेत्र से हेरोइन/चिट्टा हासिल कर मोहाली में अक्षय शर्मा को सप्लाई किया था। पुलिस जांच में दोनों के बीच 10,500 रुपये के वित्तीय लेन-देन का भी पता चला। फोन कॉल डिटेल्स से भी दोनों के संपर्क में होने की कड़ियां सामने आई हैं।
इसके बाद ढली पुलिस की अन्वेषण टीम पंजाब पहुंची और 14 सितंबर को गांव मोजेवाला, तहसील जलालाबाद, जिला फाजिल्का से अजय कुमार को गिरफ्तार किया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
📍 Location: शिमला (शिमला)