Last Updated: September 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

CM उमर अब्दुल्ला ने अमृतसर में नए रूप में तैयार जेएंडके हाउस का किया उद्घाटन

September 18, 2026

CM उमर अब्दुल्ला ने अमृतसर में नए रूप में तैयार जेएंडके हाउस का किया उद्घाटन

जम्मू/अमृतसर : मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आज अमृतसर, पंजाब में नए रूप में तैयार जम्मू-कश्मीर हाउस का उद्घाटन किया। अमृतसर में 2-कोर्ट रोड पर स्थित इस हेरिटेज प्रापर्टी को आधुनिक सुविधाओं के साथ पूरी तरह से अपग्रेड किया गया है। इसका मकसद अमृतसर आने वाले जम्मू-कश्मीर के निवासियों, खासकर इलाज के लिए शहर आने वाले मरीजों और उनके साथ आने वाले लोगों को किफायती और आरामदायक रहने की सुविधा देना है।

इसके नवीनीकरण और अपग्रेडेशन का काम अक्टूबर 2025 में शुरू हुआ था और यह लगभग 2.30 करोड़ रुपए की लागत से पूरा हुआ। इस काम में सिविल और इले्ट्रिरकल काम, इंटीरियर, मेहमानों के लिए सुविधाएं, बाहरी विकास और संबंधित इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल थे। इस बेहतर सुविधा में चार गेस्ट रूम हैं जिनमें अटैच्ड ड्रेसिंग एरिया और वाशरूम हैं, साथ ही एक कामन सिटिंग लाउंज, डाइनिंग एरिया और किचन भी है। शहर के प्रमुख अस्पतालों और अन्य खास जगहों के पास स्थित जेएंडके हाउस मरीजों और उनके साथ आने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सहायता सुविधा के रूप में काम करेगा।

साथ ही इससे जम्मू-कश्मीर के छात्रों, तीर्थयात्रियों और अन्य आने वाले लोगों को भी फायदा होगा। मुख्यमंत्री ने बेहतर सुविधाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को मेहमानों के लिए मेहमाननवाजी, साफ-सफाई और रखरखाव के उच्च मानक बनाए रखने का निर्देश दिया। इस मौके पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुविधा इलाज के लिए जम्मू-कश्मीर से बाहर जाने वाले मरीजों और उनके परिवारों की मुश्किलों को कम करने में मदद करेगी, साथ ही जेएंडके से आने वाले अन्य लोगों के लिए रहने की एक सुविधाजनक और किफायती जगह भी देगी।

मुख्यमंत्री ने प्रापर्टी के नवीनीकरण और अपग्रेडेशन में शामिल विभागों और अधिकारियों की कोशिशों की सराहना की और सुविधा को उच्च मानकों पर बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया। मुख्यमंत्री के साथ उनके सलाहकार नासिर असलम वानी, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव धीरज गुप्ता, जेएंडके के रेजिडेंट कमिश्नर रमेश कुमार, हास्पिटैलिटी और प्रोटोकाल सचिव अवनी लवासा, अतिरिक्त रेजिडेंट कमिश्नर अनिल शर्मा और जेएंडके सरकार तथा पंजाब सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें