
Asmita Women Cycling State League Begins at GNDU : अमृतसर। पंजाब में महिला साइक्लिंग को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने तथा प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक मजबूत प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी (जी.एन.डी.यू.), अमृतसर के साइक्लिंग वेलोड्रोम में दो दिवसीय ‘अस्मिता खेलो इंडिया वूमेन साइक्लिंग स्टेट लीग-ट्रैक 2026-27’ का आज शानदार आगाज़ हुआ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए अमृतसर पश्चिमी के विधायक डॉ. जसबीर सिंह संधू ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं, विशेषकर लड़कियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, दृढ़ता और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए अधिक से अधिक अवसर और अनुकूल खेल वातावरण मिलना चाहिए। ‘अस्मिता’ जैसे खेल आयोजन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं।
डॉ. संधू ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि जीत-हार खेल का हिस्सा है, लेकिन निरंतर मेहनत, अनुशासन और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण ही किसी खिलाड़ी को उच्च स्तर तक पहुंचाता है। उन्होंने प्रतियोगिताओं में भाग ले रही सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और महिला साइक्लिंग को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ पंजाब के अध्यक्ष चरणजीत सिंह धालीवाल ने बताया कि 18 और 19 सितंबर को आयोजित की जा रही इस दो दिवसीय स्टेट लीग में वूमेन एलीट और जूनियर वर्ग की खिलाड़ी विभिन्न ट्रैक साइक्लिंग स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं राज्य में नई साइक्लिंग प्रतिभाओं की पहचान करने के साथ-साथ खिलाड़ियों को बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में भी अहम भूमिका निभाती हैं।
पहले दिन के परिणामों की जानकारी देते हुए साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ पंजाब के महासचिव जगदीप सिंह काहलों ने बताया कि वूमेन एलीट वर्ग के 1 किलोमीटर इंडिविजुअल टाइम ट्रायल में अमृतसर की जपनूर कौर रंधावा ने स्वर्ण, गुरदासपुर की एकदीपजोत कौर ने रजत और अमृतसर की जपनूर कौर संधू ने कांस्य पदक हासिल किया। जूनियर वर्ग के 1 किलोमीटर इंडिविजुअल टाइम ट्रायल में अमृतसर की पलकप्रीत कौर ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि अमृतसर की जपनीत कौर ने रजत और लुधियाना की तरनवीर कौर ने कांस्य पदक अपने नाम किया। इसी तरह वूमेन एलीट वर्ग की 200 मीटर स्प्रिंट स्पर्धा में भी अमृतसर की जपनूर कौर रंधावा ने अपनी शानदार लय बरकरार रखते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।
अमृतसर की अर्शप्रीत कौर ने रजत और जपनूर कौर संधू ने कांस्य पदक जीता। जूनियर वर्ग की 200 मीटर स्प्रिंट स्पर्धा में अमृतसर की पलकप्रीत कौर ने स्वर्ण, लुधियाना की तरनवीर कौर ने रजत और अमृतसर की जपनीत कौर ने कांस्य पदक हासिल किया। इसके अलावा, जूनियर वर्ग के 3 किलोमीटर इंडिविजुअल परस्यूट में भी अमृतसर की पलकप्रीत कौर ने अपना दबदबा कायम रखते हुए स्वर्ण पदक जीता। प्रीति ने रजत और अमृतसर की जपनीत कौर ने कांस्य पदक हासिल किया। इस प्रकार पलकप्रीत कौर ने पहले दिन तीन अलग-अलग स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जबकि जपनूर कौर रंधावा ने वूमेन एलीट वर्ग में दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
जगदीप सिंह काहलों ने कहा कि साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ पंजाब का मुख्य लक्ष्य महिला साइक्लिंग को जमीनी स्तर से मजबूत करना, अधिक से अधिक लड़कियों को साइक्लिंग से जोड़ना और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि इस तरह की लीग खिलाड़ियों को नियमित प्रतिस्पर्धा का अनुभव देने के साथ-साथ उनमें बड़े लक्ष्य हासिल करने का आत्मविश्वास भी पैदा करती हैं।