Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

लाल चंद कटारूचक और बरिंदर कुमार गोयल ने पूर्व मंत्री चुनी लाल भगत के निधन पर व्यक्त किया शोक

September 20, 2026

लाल चंद कटारूचक और बरिंदर कुमार गोयल ने पूर्व मंत्री चुनी लाल भगत के निधन पर व्यक्त किया शोक

जालंधर: पंजाब के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री लाल चंद कटारूचक तथा पंजाब के जल संसाधन, खनन एवं भू-विज्ञान तथा भूमि एवं जल संरक्षण मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत से उनके निवास पर मिलकर उनके पिता एवं पूर्व मंत्री चुनी लाल भगत के अकाल निधन पर शोक व्यक्त किया।

दुखी परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कैबिनेट मंत्रियों ने दिवंगत नेता को पंजाब की राजनीति की विशिष्ट शख्सियत करार दिया, जिन्होंने दशकों तक पूरी लगन, मेहनत और ईमानदारी से मान-सम्मान अर्जित किया। उन्होंने कहा कि परिवार के मुखिया के देहांत से परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है।

चुनी लाल भगत की जीवन यात्रा को याद करते हुए दोनों मंत्रियों कटारूचक और गोयल ने बताया कि किस प्रकार भगत परिवार देश के विभाजन के बाद जालंधर में बसा और लोगों की सेवा में आने से पहले खेल सामग्री के निर्यात का व्यवसाय सफलतापूर्वक स्थापित किया। उन्होंने कहा कि अपनी कठोर मेहनत और लगन के कारण स्वर्गीय चुनी लाल भगत पहले पंजाब विधानसभा के उपाध्यक्ष बने और इसके बाद कैबिनेट मंत्री के रूप में कई महत्वपूर्ण विभागों का कार्यभार संभालते हुए प्रदेश के लोगों की सेवा की।

दिवंगत आत्मा की आत्मिक शांति तथा दुखी परिवार को ईश्वर की इच्छा मानने का बल प्रदान करने की प्रार्थना करते हुए कैबिनेट मंत्रियों ने दोहराया कि पंजाब सरकार और समस्त नेतृत्व इस दुख की घड़ी में कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत के साथ मजबूती से खड़ा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें