Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

ट्रंप का बड़ा ऐलान: AI की रफ्तार नहीं रोकेंगे, बनाएंगे ‘एआई फोर्स’

September 20, 2026

ट्रंप का बड़ा ऐलान: AI की रफ्तार नहीं रोकेंगे, बनाएंगे ‘एआई फोर्स’

वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को अगली औद्योगिक क्रांति बताते हुए कहा क‍ि इस शानदार इंडस्ट्री की बढ़ोतरी को किसी भी तरह रोका या दबाया नहीं जाएगा। उन्‍होंने कहा क‍ि वह एक ‘एआई फोर्स’ बना रहे हैं और जल्द ही एक ‘एआई जार’ यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े मामलों की जिम्मेदारी संभालने वाले एक शीर्ष अधिकारी के नाम का ऐलान करेंगे।

एआई को बर्बाद या खत्म होते नहीं देखेंगे

ट्रंप ने अपने ‘ट्रुथ सोशल’ अकाउंट पर एक पोस्ट में कहा कि वह चुपचाप बैठकर एआई को बर्बाद या खत्म होते नहीं देखेंगे। ट्रंप ने कहा क‍ि हम इस शानदार इंडस्ट्री की बढ़ोतरी को किसी भी तरह से रोकेंगे या दबाएंगे नहीं। इसके बजाय, हम इसे महत्व देंगे, इसकी मदद करेंगे और जैसे-जैसे यह आगे बढ़ेगी, इस पर नजर रखेंगे। हालांकि, हम गलत काम करने वालों पर भी नजर रखेंगे और अपनी मौजूदा आपराधिक और सिविल न्याय व्यवस्था के जरिए ऐसा करना हमारे लिए बहुत आसान है।

ट्रंप ने एआई की तुलना अगली औद्योगिक क्रांति या इंटरनेट से भी की। उन्होंने कहा कि भविष्य में एआई का योगदान अमेरिका के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का 25 प्रतिशत तक हो सकता है। अपनी पोस्ट में ट्रंप ने दावा किया कि एआई को खत्म करने की बात उन ‘कई झूठे दावों’ में से एक है, जिन्हें डेमोक्रेट्स बढ़ावा देते रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध और ग्लोबल वार्मिंग को भी ऐसा ही ‘झूठ’ बताया और दावा किया कि ये चीजें अमेरिका को ‘बर्बाद’ कर रही हैं।

हालांकि, ट्रंप ने यह नहीं बताया कि उनकी प्रस्तावित ‘एआई फोर्स’ किस तरह काम करेगी, उसका ढांचा कैसा होगा या ‘एआई जार’ की भूमिका और जिम्मेदारियां क्या होंगी। समाचार एजेंसी स‍िन्हुआ के मुताबिक, ट्रंप का यह ऐलान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका में एआई के तेजी से हो रहे विकास और उससे जुड़े संभावित खतरों को लेकर बहस बढ़ रही है।

इस हफ्ते की शुरुआत में अमेरिकी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने कहा था कि अमेरिका एआई की दौड़ में चीन से पीछे रहने का जोखिम नहीं उठा सकता। साथ ही उन्होंने उन चीनी व्यक्तियों और कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई का वादा किया, जो अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनियों से तकनीक चोरी करते हैं।

हम एआई की दौड़ में चीन से हार नहीं सकते

व्हाइट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान ब्लैंच ने एआई को बेहद फायदेमंद बताया। उन्होंने उन मांगों को भी खारिज कर दिया जिनमें अमेरिकी न्याय विभाग से एआई को नियंत्रित करने या इसकी रफ्तार धीमी करने के लिए कहा जा रहा है। ब्लैंच ने कहा क‍ि हम एआई की दौड़ में चीन से हार नहीं सकते। राष्ट्रपति ट्रंप भी यही कहते हैं, हर कोई यही कहता है और वे ऐसा इसलिए कहते हैं क्योंकि यह सच है।

उनका यह बयान तब आया जब उनसे टेक्नोलॉजी इंडस्ट्री के नेताओं की उन चेतावनियों के बारे में सवाल पूछा गया, जिनमें कहा गया है कि तेजी से आगे बढ़ रहे एआई सिस्टम राष्ट्रीय सुरक्षा समेत कई दूसरे गंभीर खतरे पैदा कर सकते हैं। ब्लैंच ने कहा कि अमेरिकी न्याय विभाग एआई से जुड़ी आपराधिक गतिविधियों की जांच करेगा, लेकिन वह टेक्नोलॉजी को नियंत्रित करने वाली एजेंसी की भूमिका नहीं निभाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें