Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोगा में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 80 ग्राम हेरोइन समेत 4 गिरफ्तार

September 20, 2026

मोगा में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 80 ग्राम हेरोइन समेत 4 गिरफ्तार

मोगा: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोगा जिले की विभिन्न थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल 80 ग्राम हेरोइन बरामद होने की बात कही है। चारों मामलों में संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना सदर मोगा की टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए जसकरण सिंह पुत्र अजमेर सिंह निवासी घल्लकलां को काबू किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 25 ग्राम हेरोइन बरामद होने का पुलिस ने दावा किया है।

इसी तरह थाना फतेहगढ़ पंजतूर पुलिस ने मंडी ललिहांदी इलाके में कार्रवाई करते हुए दिलबाग सिंह पुत्र अमरीक सिंह निवासी गैस एजेंसी वाली गली, फतेहगढ़ पंजतूर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 15 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। सहायक थानेदार चरणजीत सिंह ने बताया कि पुलिस टीम गश्त पर थी, तभी मुखबिर की सूचना मिलने के बाद कार्रवाई की गई।

वहीं थाना सिटी साउथ मोगा पुलिस ने झंडेवाला मंडी के बाहरी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए जगजीत सिंह पुत्र निर्मल सिंह निवासी चंदपुराणा, तहसील बाघापुराना को काबू किया। पुलिस ने तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 25 ग्राम हेरोइन बरामद होने का दावा किया है। सहायक थानेदार वरिंदर के अनुसार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इसके अलावा थाना बधनी कलां पुलिस ने मियांणा पैलेस के पास कार्रवाई करते हुए सतीश कुमार पुत्र ज्ञान चंद निवासी बधनी कलां को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार उसके कब्जे से 15 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

पुलिस के मुताबिक चारों मामलों में कुल 80 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर कथित तौर पर नशीले पदार्थ की सप्लाई के स्रोत, उनके संपर्कों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें