Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

श्री हनुमान रामलीला की तैयारियां तेज, अभ्यास में जुटे कलाकार

September 20, 2026

श्री हनुमान रामलीला की तैयारियां तेज, अभ्यास में जुटे कलाकार

Preparations for Shri Hanuman Ramlila : महेंद्रगढ़। महेंद्रगढ़ शहर की सैनीपुरा स्थित श्री हनुमान रामलीला कमेटी की ओर से रामलीला मंचन की तैयारियां जोर पकड़ चुकी हैं। रामलीला के मंच पर प्रभु श्रीराम की मर्यादा, लक्ष्मण व भरत की भ्रातृभक्ति, हनुमान की भक्ति और रावण के अहंकार को जीवंत करने के लिए स्थानीय कलाकार दिन-रात रिहर्सल में जुटे हैं।

कलाकार संवाद अदायगी के साथ भाव-भंगिमा, वाणी के उतार-चढ़ाव और मंचीय प्रस्तुति को बेहतर बनाने का अभ्यास कर रहे हैं। कमेटी डायरेक्टर डॉ. मोनू सेन के निर्देशन में कलाकारों को रामलीला की मंचन पद्धति के अनुरूप संवाद बोलने और पात्रों की भावनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। लंबे समय से रामलीला मंचन से जुड़े डॉ. सेन प्रत्येक पात्र की भूमिका की बारीकियों पर नजर रख रहे हैं। उनका प्रयास है कि कलाकार केवल संवादों का उच्चारण न करें, बल्कि प्रसंग के अनुरूप पात्र की भावनाओं को भी मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करें।

संगीत निर्देशक सुनील कलाकारों को गायन का अभ्यास करा रहे हैं। महेंद्रगढ़ शहर में तीन प्रमुख स्थानों पर रामलीला का मंचन होता है और प्रत्येक रामलीला की अपनी अलग पहचान है। इसी क्रम में सैनीपुरा की श्री हनुमान रामलीला कमेटी भी इस बार प्रस्तुति को और अधिक प्रभावी बनाने में जुटी है। संवाद और अभिनय के बेहतर सामंजस्य के साथ धार्मिक प्रसंगों को दर्शकों के सामने प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने की तैयारी की जा रही है।

कमेटी प्रधान राजेश सैनी और संरक्षक जितेंद्र चौधरी ने बताया कि स्थानीय कलाकार पूरे उत्साह और समर्पण के साथ अभ्यास कर रहे हैं। मंच की भव्यता बढ़ाने के साथ आधुनिक लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है, जिससे मंच को थियेटर जैसा स्वरूप दिया जा सके। दरबार, वनवास और रणभूमि के दृश्यों को अधिक जीवंत बनाने के लिए कलाकार विशेष युद्धाभ्यास भी कर रहे हैं। फिल्मी अंदाज के सधे हुए एक्शन और आकर्षक मंच सज्जा के माध्यम से विभिन्न दृश्यों को प्रभावशाली बनाने की तैयारी है।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की प्रस्तुति से मिले अनुभवों को आधार बनाकर इस बार मंचन में आवश्यक सुधार किए जा रहे हैं। कलाकारों के अभिनय, संवाद, वेशभूषा, मंच सज्जा और तकनीकी प्रभावों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि दर्शकों को रामलीला के प्रसंगों का प्रभावी अनुभव मिल सके। रिहर्सल के दौरान हजारीलाल सैनी, सुरेंद्र सैनी, कमल सैनी, बालकिशन पाथरोली वाले, भूप सोनी, जयसिंह सैनी, संजय बाछौदिया, शेर सिंह, रामौतार, मनीष, प्रथम, पुनीत सहित अनेक कलाकार मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें : हरियाणा-एनसीआर से जल्द विदा होगा मानसून, 21 से बदलेगा मौसम

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें