Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

भाजपा को रोकना है तो हमारे साथ आओ… 2027 से पहले ओवैसी का बड़ा दांव

September 20, 2026

भाजपा को रोकना है तो हमारे साथ आओ… 2027 से पहले ओवैसी का बड़ा दांव

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सियासी जमीन तलाश रहे एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भारतीय जनता पार्टी को उत्तर प्रदेश में तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए विपक्ष को खुला ऑफर दे दिया है। ओवैसी ने कहा कि जो भी पार्टी भाजपा को रोकना चाहती है, वह हमारे साथ गठबंधन करे, हम तैयार हैं। इसके साथ ही उन्होंने अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार किया और उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था और यूसीसी-एनआरसी को लेकर सरकार को घेरा।

समाजवादी पार्टी के चीफ अखिलेश यादव के बयान पर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, “2014 में टारगेट किया गया, 2017 में टारगेट किया गया, 2019 में टारगेट किया गया, 2022 में टारगेट किया गया। हमें चार बार टारगेट किया गया। हमें बताएं क्या हुआ। अब हम किसी को रोक नहीं पाएंगे। अगर कोई कुछ कहता है तो हम जवाब देंगे। हम किसी का कर्ज चुकाए बिना नहीं छोड़ते।”

‘कांग्रेस पार्टी में काबिल लोग इस सवाल का जवाब देंगे’

भाजपा के आरोपों पर राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ प्रोग्राम को लेकर एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, “कांग्रेस पार्टी में काबिल लोग हैं जो आपके सवाल का जवाब देंगे।”

बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती के ईशान आनंद को नई जिम्मेदारी देने के ऐलान को लेकर उन्होंने कहा कि मायावती इस देश की बहुत बड़ी नेता हैं। अपने दम पर और बिना किसी फैमिली सपोर्ट के उन्होंने पूरी बहुमत के साथ सरकार बनाई और कई बार मुख्यमंत्री बनीं। यह उनकी पार्टी का मामला है और वही फैसला करेंगी।

‘हमारी पार्टी का संगठन जिले के हिसाब से मजबूत किया जा रहा’

यूपी विधानसभा चुनाव पर ओवैसी ने कहा कि हमारी पार्टी ने अभी तक सीटों की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। तैयारियां जोरों पर चल रही हैं और हमारी पार्टी का संगठन जिले के हिसाब से मजबूत किया जा रहा है। असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि हमने कहा है कि जो भी पार्टी यह सुनिश्चित करना चाहती है कि भाजपा सरकार तीसरी बार सत्ता में न आए, उसे हमारे साथ गठबंधन करना चाहिए। हम गठबंधन के लिए तैयार हैं। अब देखते हैं कि ऐसा होता है या नहीं।

यूपी में कानून-व्यवस्था और रोजगार के मुद्दों पर उन्होंने कहा कि पहले, यूपी पुलिस में लाखों खाली पोस्ट भरें। पिछले 11 साल से उन्हें क्यों नहीं भरा गया? दो दिन पहले आपने कानपुर में सुबह 5 बजे बुलडोजर से एक कब्रिस्तान गिरा दिया। आपने यह किस कानून के तहत किया? ‘वक्फ बाय यूजर’ वाला कानून अभी लागू है। आप मस्जिदें गिरा रहे हैं, यह कैसा शासन है?

यूसीसी को लेकर क्या बोले औवेसी?

यूसीसी को लेकर एआईएमआईएम प्रमुख ने कहा कि आप यूसीसी के नाम पर आर्टिकल 25, 26, 29 और 14 को खत्म नहीं कर सकते। भारत के संविधान में जो कुछ है, उसे बाबासाहेब अंबेडकर ने बनाया था। यूसीसी के नाम पर आप हिंदू मैरिज एक्ट, हिंदू डिवोर्स एक्ट और हिंदू सक्सेशन एक्ट को गैर-हिंदुओं पर कैसे लागू कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि वे एनआरसी करेंगे। एनआरसी का मतलब है करोड़ों लोगों को लाइन में खड़ा करना। अगर आप एनआरसी के नियम देखें तो जब लिस्ट जारी होती है, तो कोई भी सवाल उठा सकता है। इसका एकमात्र मकसद एनआरसी प्रोसेस के जरिए सभी को लाइन में खड़ा करना है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें