एक साल का बच्चा लापता, परिजनों ने लगाया सड़क पर जाम
September 21, 2026
Share:
Family Blocks Road Over Missing Child : जालंधर। भगत सिंह कॉलोनी से एक वर्षीय बच्चे राजन के लापता होने के करीब एक सप्ताह बाद भी सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने सोमवार को सड़क पर धरना देकर जाम लगा दिया। परिवार ने पुलिस से बच्चे को जल्द बरामद करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान राहगीरों और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई, जबकि मौके पर पुलिस तैनात रही।इस दौरान प्रदर्शनकारियों और राहगीरों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। मौके पर पुलिस मौजूद रही। बच्चे के पिता शंकर ने बताया कि उनके आठ बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और पांच बेटे हैं। सबसे छोटा बेटा राजन एक साल का है। 15 सितंबर की रात वह राजन के साथ घर में सो रहे थे। रात करीब ढाई बजे आंख खुलने पर उन्होंने देखा कि बच्चा गायब था। इसके बाद परिवार ने बच्चे की तलाश शुरू की और थाना नंबर-1 में शिकायत दी। परिजनों का आरोप है कि करीब एक सप्ताह बीतने के बावजूद बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला है। उनका कहना है कि पुलिस कार्रवाई करने के बजाय उन पर ही बच्चा बेचने के आरोप लगाकर परेशान कर रही है। परिवार ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यदि उन्होंने बच्चा बेचा होता तो पुलिस में शिकायत क्यों दर्ज करवाते।प्रदर्शन के दौरान फैक्टरी मालिक दीपक सुरी भी परिवार के समर्थन में पहुंचे। वहीं, सड़क जाम होने से परेशान लोगों और प्रदर्शनकारियों के बीच बहस हो गई। राहगीरों ने कहा कि उन्हें जरूरी काम से जाना है, इसलिए रास्ता बंद न किया जाए। प्रदर्शनकारियों ने जवाब दिया कि इंसाफ न मिलने के कारण वे सड़क पर उतरने को मजबूर हुए हैं। जाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।