Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

पेंशनर्स ने सरकार पर लगाया वायदा खिलाफ का आरोप, बोले- मांगें नहीं माने जाने तक जारी रहेगा आंदोलन

September 22, 2026

पेंशनर्स ने सरकार पर लगाया वायदा खिलाफ का आरोप, बोले- मांगें नहीं माने जाने तक जारी रहेगा आंदोलन

शिमला। हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार पर पेंशनर्स के साथ बार-बार वादाखिलाफी और उन्हें गुमराह करने का आरोप लगाया है। समिति के चेयरमैन सुरेश ठाकुर, महासचिव इंदर पाल शर्मा और अतिरिक्त महासचिव भूप राम वर्मा ने मंगलवार को जारी संयुक्त बयान में कहा कि सरकार पेंशनर्स की मांगों को लेकर गंभीर नहीं है।

पेंशनर्स नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने सोमवार को सचिवालय में हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स जॉइंट फ्रंट के साथ बैठक कर पेंशनर्स को बांटने का प्रयास किया, जिसे पेंशनर्स स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि पेंशनर्स अपनी मांगों को लेकर एकजुट हैं और सभी देनदारियां मिलने तक संघर्ष जारी रखेंगे।

समिति ने दावा किया कि 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए करीब 43 हजार पेंशनर्स को संशोधित वित्तीय लाभों से वंचित रखा गया है। इनमें लीव इनकैशमेंट, ग्रेच्युटी, कम्यूटेशन, पे एरियर और पेंशन एरियर जैसे लाभ शामिल हैं। नेताओं ने कहा कि इन लंबित देनदारियों को लेकर पेंशनर्स लंबे समय से सरकार के समक्ष अपनी मांगें उठा रहे हैं।

पेंशनर्स नेताओं के अनुसार करीब 5 लाख पेंशनर्स और कर्मचारी 15 प्रतिशत डीए की लंबे समय से प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मांगों को लेकर पेंशनर्स को बार-बार धरना-प्रदर्शन और रैलियां करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। समिति ने सरकार द्वारा 15 प्रतिशत और 30 प्रतिशत पेंशन एरियर को लेकर जारी की जा रही अधिसूचनाओं पर भी सवाल उठाए। नेताओं का आरोप है कि इन घोषणाओं के माध्यम से पेंशनर्स को भ्रमित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को पेंशनर्स के धैर्य की परीक्षा नहीं लेनी चाहिए।

पेंशनर्स नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में ब्लॉक और जिला स्तर पर जनजागरण अभियान शुरू किया जाएगा। इस दौरान सरकार की नीतियों और पेंशनर्स की लंबित मांगों को लेकर लोगों को जानकारी दी जाएगी। समिति ने कहा कि पेंशनर्स में किसी तरह की फूट डालने का प्रयास सफल नहीं होगा। नेताओं के मुताबिक पेंशनर्स संगठित हैं और अपनी सभी लंबित देनदारियां मिलने तक पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार के खिलाफ उनका अभियान मांगों के समाधान तक जारी रहेगा।

प्रेस वार्ता में वरिष्ठ उपाध्यक्ष गंगा राम शर्मा, उपाध्यक्ष बुद्धि राम जस्टा, मीडिया प्रभारी सैन राम नेगी, प्रेस सचिव लायक राम शर्मा, संयोजक मोहन ठाकुर, मदन शर्मा, दीप राम शर्मा, गुलाब ठाकुर, नीलम चौहान, यशपाल ठाकुर, रमेश ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें