लुधियाना: पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में लुधियाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जस्सी रोड के पास हैबोवाल थाना क्षेत्र में लगाए गए चेकिंग पॉइंट के दौरान पुलिस ने करीब 300 किलो गांजा बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान बोलेरो में सवार तीन युवकों ने पुलिस पार्टी को देखकर एक पैकेट सड़क पर फेंक दिया। पुलिस ने पैकेट की जांच की तो उसमें करीब 10 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने बोलेरो का पीछा कर उसमें सवार तीनों युवकों को काबू कर लिया।
पुलिस ने वाहन और आरोपियों के बैग की तलाशी ली तो उसमें से करीब 290 किलो गांजा और बरामद हुआ। इस तरह पुलिस ने कुल करीब 300 किलो गांजा बरामद किया।
लुधियाना पुलिस ने मामले को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश और बिहार से संबंधित हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की शैक्षणिक योग्यता पांचवीं से सातवीं कक्षा तक बताई जा रही है। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपियों के खिलाफ पहले से कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।
पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है। पुलिस के अनुसार, रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर नशे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क और अन्य संभावित खुलासों की जानकारी जुटाई जाएगी।
📍 Location: Ludhiana (Ludhiana)