Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

फिल्लौर: सड़क किनारे टायर बदल रहे ट्रक ड्राइवर की हादसे में मौत, पीछे से ट्रॉली ने मारी टक्कर

September 24, 2026

फिल्लौर: सड़क किनारे टायर बदल रहे ट्रक ड्राइवर की हादसे में मौत, पीछे से ट्रॉली ने मारी टक्कर

फिल्लौर: हेयर होटल के सामने सड़क किनारे ट्रक का टायर बदल रहे ड्राइवर की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब भूसे की गांठों से लदी एक ट्रॉली ने खड़े ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया।

रोड सेफ्टी फोर्स (SSF) के इंचार्ज सरबजीत सिंह ने बताया कि उन्हें राहगीर से सूचना मिली थी कि हेयर होटल के सामने सड़क हादसा हुआ है। सूचना मिलते ही SSF की टीम मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि ट्रक पर पॉपलिन क्रेन लदी हुई थी और उसका टायर फट गया था। ट्रक ड्राइवर जैक लगाकर टायर बदल रहा था। इसी दौरान पीछे से आई भूसे की गांठों से लदी ट्रॉली ने ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के कारण ट्रक को जोरदार झटका लगा और ट्रक ड्राइवर द्वारा लगाया गया जैक फिसल गया। इससे ड्राइवर ट्रक के अगले टायर के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान करमजीत सिंह पुत्र मलकीत सिंह के रूप में हुई है। घटना की सूचना फिल्लौर थाने के ड्यूटी ऑफिसर SI उमेश कुमार को दी गई, जिसके बाद उन्होंने ASI चमन लाल को मौके पर भेजा। SSF टीम ने मृतक का मोबाइल फोन और पर्स पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शव को निजी एम्बुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल, फिल्लौर भेज दिया।

हादसे की जानकारी नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों को भी दी गई। अधिकारी मौके पर पहुंचे। SSF टीम ने सड़क पर सेफ्टी कोन लगाकर यातायात को सुरक्षित किया और हाइड्रोलिक क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सड़क के किनारे हटाया। इसके बाद यातायात को सुचारू रूप से बहाल कर दिया गया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और फरार ट्रॉली चालक की तलाश की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें