बठिंडा : नथाना-भगता रोड पर गांव दयालपुरा मिर्जा के पास दर्दनाक हादसा हो गया। सैलाबराह से भगता भाईका की तरफ जा रही एक ऑल्टो कार पर अचानक पेड़ गिर गया। हादसे में कार सवार महिला, उसका पति और करीब 2-3 साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए। महिला ने उपचार के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार सैलाबराह निवासी शिंदरपाल कौर (करीब 50 वर्ष), पत्नी इकेतर सिंह, अपने पति और पोती के साथ ऑल्टो कार में सवार होकर सैलाबराह से भगता भाईका की ओर जा रही थीं।
बुधवार शाम करीब 7:30 बजे जब कार गांव दयालपुरा मिर्जा के पास पहुंची तो अचानक एक पेड़ कार के ऊपर गिर गया। पेड़ गिरने से कार बुरी तरह प्रभावित हुई और उसमें सवार शिंदरपाल कौर, उनके पति इकेतर सिंह और बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए आदेश अस्पताल, भुच्चो ले जाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान शिंदरपाल कौर की मौत हो गई। उनके पति इकेतर सिंह और बच्ची का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और पेड़ गिरने की परिस्थितियों की जांच कर रही है। फिलहाल हादसे को लेकर पुलिस की ओर से अन्य जानकारी सामने नहीं आई है।