Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोटरसाइकिलों के हुड़दंग, मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रैशर हार्न के खिलाफ जम्मू पुलिस सख़्त

September 25, 2026

मोटरसाइकिलों के हुड़दंग, मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रैशर हार्न के खिलाफ जम्मू पुलिस सख़्त

जम्मू : महाराजा हरि सिंह की जयंती के अवसर पर जम्मू में युवा राजपूत सभा द्वारा निकाली गई रैली के दौरान कुछ बुलेट मोटरसाइकिल चालकों द्वारा कथित तौर पर हंगामा और तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल किए जाने के बाद जम्मू पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी अभियान के तहत समूचे जम्मू शहर में पुलिस और ट्रैफिक विंग की ओर से बड़े नाके लगाए गए। नाके के दौरान विशेष रूप से बुलेट मोटरसाइकिलों की जांच की गई।

जिन वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न अथवा तेज आवाज पैदा करने वाले उपकरण पाए गए, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। बुधवार को निकाली गई रैली के दौरान देखने को मिला था कि कुछ चालक पुलिस अधिकारियों के सामने बुलेट के पटाखे चला रहे थे। सभा के प्रधान व अन्य पदाधिकारियों के मना करने के बावजूद भी कुछ युवक पूरा दिन शहर में बुलेट मोटरसाइकिल पर हुड़दंग मचाते नजर आए। वह पुलिस अधिकारियों के सामने स्टंट कर उन्हें उकसाने का काम कर रहे थे।

उन्होंने हुड़दंग में कोई कसर नहीं छोड़ी जिससे आम लोगों को काफी परेशानी हुई। अधिकारियों के अनुसार, शहर में पटाखे जैसी तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर से आम लोगों, बुजुर्गों, बच्चों और राहगीरों को होने वाली परेशानी को देखते हुए अभियान तेज किया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में विभिन्न प्रमुख चौराहों पर चेकिंग की गई ।

डीटीआई सुनील सिंह सहित ट्रैफिक और पुलिस अधिकारियों ने नाकों पर वाहनों की जांच की और नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ चालान एवं अन्य कानूनी कार्रवाई की। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मॉडिफाइड साइलेंसर और अनधिकृत प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें