₹32.5L Cyber Fraud : मोगा। साइबर ठगी के एक मामले में थाना साइबर क्राइम मोगा पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता के अनुसार उसके बैंक खाते से डिजिटल माध्यम के जरिए करीब 32.50 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर किए गए। पुलिस ने बीएनएस और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता कुलवंत सिंह पुत्र बग्गा सिंह निवासी बेदी नगर, मोगा ने पुलिस को बताया कि उसके बैंक खाते से डिजिटल माध्यम के जरिए करीब 32 लाख 50 हजार रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर किए गए।शिकायत के अनुसार वह पंजाब एंड सिंध बैंक की मोगा शाखा में अपने खाते से संबंधित कार्य के लिए गया था। शिकायतकर्ता ने बैंक खाते में पांच एफडीआर करवा रखी थीं।
8 जुलाई 2026 को जब वह अपनी एफडीआर नवीनीकरण करवाने के लिए बैंक पहुंचा तो बैंक मैनेजर ने उसे बताया कि उसके खाते से डिजिटल तरीके से रकम निकाली जा चुकी है। शिकायतकर्ता के अनुसार उसके बैंक खाते से जुड़े मोबाइल नंबर की सेवा भी वर्ष 2024 से बंद थी। इसके बावजूद अज्ञात व्यक्ति ने डिजिटल माध्यम से उसके खाते से रकम अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर ली। कुल रकम करीब 32,50,000 रुपये बताई गई है। मामले की जानकारी मिलने के बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस से संपर्क किया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 61(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब रकम किन खातों में ट्रांसफर हुई और इस पूरी प्रक्रिया में किन लोगों की भूमिका रही, इसकी जांच कर रही है। मामले की जांच इंस्पेक्टर कुलविंदर कौर द्वारा की जा रही है। साइबर पुलिस बैंक रिकॉर्ड, डिजिटल लेनदेन और संबंधित खातों की जानकारी जुटाकर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।