Last Updated: September 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

PSPCL द्वारा पेंशनरों एवं फैमिली पेंशनरों के हित में अहम कदम

September 26, 2026

PSPCL द्वारा पेंशनरों एवं फैमिली पेंशनरों के हित में अहम कदम

पटियाला: मुख्य इंजीनियर, वितरण पश्चिम जोन, बठिंडा, इंजीनियर हरपरवीण सिंह बिंद्रा ने बताया कि पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) द्वारा पेंशनरों एवं फैमिली पेंशनरों को देय वित्तीय लाभ समय पर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से पेंशन पैकेज में आवश्यक रिकॉर्ड अपडेट करने संबंधी सभी डीडीओज को निर्देश जारी किए गए हैं।

PSPCL के सीएमडी गुरकिरत कृपाल सिंह, आईएएस, पीएसईबी ज्वाइंट फोरम तथा बिजली मुलाजिम एकता मंच पंजाब के बीच हुई बैठक के दौरान यह मामला सामने आया था कि पेंशन पैकेज में कुछ पेंशनरों की मृत्यु तिथि तथा कुछ फैमिली पेंशनरों की जन्म तिथि दर्ज नहीं होने के कारण बुढ़ापा भत्ता एवं एलटीसी जैसे देय लाभों के भुगतान में कठिनाई आ रही थी, जांच के दौरान सामने आया कि 2,109 पेंशनरों की मृत्यु तिथि तथा 876 फैमिली पेंशनरों की जन्म तिथि का डेटा अपडेट नहीं है। इसके कारण कुछ पात्र पेंशनरों को एलटीसी, बुढ़ापा भत्ता तथा अन्य देय लाभ प्राप्त करने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था।

उन्होंने बताया कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पीएसपीसीएल के सीएमडी गुरकिरत कृपाल सिंह, आईएएस, द्वारा सभी संबंधित डीडीओज को उक्त कार्रवाई 15 दिनों के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पेंशनरों एवं फैमिली पेंशनरों को देय वित्तीय लाभों का भुगतान सुचारू एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जा सके।

इस संबंध में पीएसपीसीएल द्वारा 23 सितंबर, 2026 को पत्र जारी कर सभी डीडीओज को निर्देश दिए गए हैं कि पेंशनरों के रिकॉर्ड की तत्काल जांच की जाए। आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर रिकॉर्ड में संबंधित डेटा तुरंत अपडेट किया जाए। यदि किसी पेंशनर का कोई दस्तावेज अथवा जानकारी अधूरी है, तो संबंधित कार्यालय द्वारा स्वयं पेंशनर से संपर्क कर आवश्यक कमी को पूरा करवाया जाए।

📍 Location: Bathinda

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें