लुधियाना: पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (PAU) ग्राउंड में आज भव्य ‘जश्न-ए-इंकलाब’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। दोपहर 3 बजे शुरू होने वाले इस बड़े आयोजन में पंजाब के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों से एक लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। कार्यक्रम को देखते हुए शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं।
भगत सिंह के पैतृक घर की थीम पर तैयार हुआ मंच
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण PAU ग्राउंड में बनाया गया मंच है, जिसे शहीद-ए-आजम भगत सिंह के पैतृक घर की थीम पर तैयार किया गया है। आयोजन में युवाओं को पीले कपड़े, पीला कुर्ता-पायजामा और बसंती रंग की पगड़ी पहनकर पहुंचने के लिए कहा गया है। इससे आयोजन स्थल पर बसंती रंग की खास छटा देखने को मिल सकती है।
पंजाबी कलाकार भी देंगे प्रस्तुति
‘जश्न-ए-इंकलाब’ में पंजाबी संगीत जगत के कलाकार भी प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम में रणजीत बावा, कुलविंदर बिल्ला, बसंत कौर और परी पंधेर के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
कई प्रमुख मार्गों पर आवाजाही रहेगी सीमित
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने को देखते हुए पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया है। सुबह 11 बजे से भाई वाला चौक से साउथ सिटी तक नो-व्हीकल जोन रखा गया है। इस मार्ग पर मुख्य रूप से कार्यक्रम में आने वाले वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति होगी।
इसके अलावा साउथ सिटी रोड, वेरका चौक, टैगोर नगर, मल्हार रोड, सग्गू चौक और PAU गेट नंबर 5 की ओर यातायात पर प्रतिबंध या नियंत्रण रहेगा। लोगों को घर से निकलने से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
अलग-अलग पास के लिए तय किए गए प्रवेश द्वार
कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए पास के अनुसार प्रवेश द्वार निर्धारित किए गए हैं। सामान्य पास धारक गेट नंबर 1, 2 और 5 से प्रवेश कर सकेंगे। वहीं गुलाबी, सफेद, एक्वा, ग्रे और वायलेट पास धारकों के लिए गेट नंबर 4 निर्धारित किया गया है।
सांसदों, विधायकों और मंत्रियों के लिए गेट नंबर 7 से प्रवेश की व्यवस्था रहेगी। वहीं गेट नंबर 8 पूरी तरह बंद रहेगा।
14 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था
कार्यक्रम में आने वाले वाहनों के लिए कुल 14 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। इनमें SCD कॉलेज में करीब 1,500 वाहनों और किसान मेला ग्राउंड में करीब 1,000 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था बताई गई है। इसके अलावा स्मार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल समेत अन्य स्थानों पर भी वाहनों की पार्किंग कराई जाएगी।
ये भी पढ़ें…
भारी वाहनों को शहर के बाहर किया जाएगा डायवर्ट
भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए उन्हें लाडोवाल, जालंधर बाईपास, शिवपुरी, बस्ती जोधेवाल, समराला चौक और शेरपुर चौक की ओर से वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा। साथ ही आपातकालीन सेवाओं के लिए अलग से फ्री कॉरिडोर सुरक्षित रखने की व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम के दौरान शहर में ट्रैफिक दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए वाहन चालकों से निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की अपील की गई है।