शिमला। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस की स्पेशल सैल टीम ने शोघी के पास एक बस में सवार युवक से करीब 6 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर 2026 को स्पेशल सैल शिमला की टीम राष्ट्रीय राजमार्ग-05 (NH-05) पर शोघी पुलिस चौकी के समीप गश्त और नाकाबंदी पर तैनात थी। इसी दौरान दिल्ली-सांगला रूट पर जा रही एक बस को चेकिंग के लिए रोका गया। बस की तलाशी के दौरान पुलिस टीम की नजर एक युवक की संदिग्ध गतिविधियों पर पड़ी।
पुलिस के मुताबिक, युवक पुलिस को देखकर घबराने लगा और उसकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं। संदेह के आधार पर पुलिस ने उसकी सीट और आसपास के सामान की जांच की। तलाशी के दौरान सीट के नीचे रखी गोल्ड फ्लेक सिगरेट की डिब्बी बरामद हुई। डिब्बी के अंदर एक पारदर्शी पाउच में सफेद रंग का पदार्थ मिला।
जांच करने पर उक्त पदार्थ चिट्टा/हेरोइन पाया गया, जिसका वजन करीब 6 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान क्षितिज वर्मा (26), निवासी जिला कुल्लू के रूप में की।
इस बरामदगी के बाद पुलिस थाना बालुगंज में अभियोग संख्या 201/2026 के तहत धारा 21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे आगामी कार्रवाई के लिए माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि मामले में नशीले पदार्थ के स्रोत और इसकी सप्लाई से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।
📍 Location: शिमला (शिमला)
मेष: दिन शुभ रहेगा...