मोगा: जापान में आयोजित एशिया रोइंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने के बाद मोगा जिले के दो खिलाड़ी वापस लौटे तो खेल प्रेमियों, कोचों और खेल विभाग के अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान खिलाड़ियों का सम्मान कर उनकी हौसला अफजाई की गई। एशिया के विभिन्न देशों से करीब 500 खिलाड़ियों ने इस चैंपियनशिप में हिस्सा लिया, जबकि भारत की ओर से करीब 16-17 खिलाड़ियों ने विभिन्न मुकाबलों में भाग लिया। मोगा के दोनों खिलाड़ियों की अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में भागीदारी को जिले के लिए गौरव की बात बताया गया।
इस अवसर पर खिलाड़ी कुलविंदर सिंह ने कहा कि जापान में आयोजित एशिया रोइंग चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों ने पूरे जोश और मेहनत के साथ मुकाबलों में हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि मोगा जिले से संबंधित दो खिलाड़ियों को भी इस बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। भारतीय टीम ने प्रतियोगिता में चौथी पोजीशन हासिल की। उन्होंने कहा कि मोगा लौटने पर मिले सम्मान और लोगों के प्यार से खिलाड़ियों का उत्साह और बढ़ा है।
कुलविंदर सिंह ने अपने कोच का धन्यवाद करते हुए कहा कि रोइंग ऐसी खेल विधा है, जिसके बारे में अभी भी बड़ी संख्या में बच्चों को पर्याप्त जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में उन्हें रोइंग खेल के बारे में जानकारी मिली थी, जिसके बाद उन्होंने इसकी ट्रेनिंग शुरू की। लगातार मेहनत करते हुए अब उन्हें एशिया स्तर की प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में और अधिक मेहनत कर देश के लिए पदक जीतना उनका लक्ष्य है।
रोइंग को और बढ़ावा देने की मांग
रोइंग खेल के कोच जसबीर सिंह गिल ने कहा कि उनके द्वारा बच्चों को रोइंग की ट्रेनिंग दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मोगा जिले से संबंधित दो खिलाड़ियों का अलग-अलग स्थानों पर प्रशिक्षण हासिल कर एशिया रोइंग चैंपियनशिप में हिस्सा लेना जिले के लिए गर्व की बात है। खिलाड़ियों के लौटने पर खेल प्रेमियों द्वारा किया गया स्वागत उनका मनोबल बढ़ाने वाला है।
कोच जसबीर सिंह गिल ने पंजाब सरकार से मांग की कि ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ जैसी खेल गतिविधियों के साथ रोइंग खेल को भी अधिक प्रमुखता दी जाए। उन्होंने कहा कि यदि बच्चों को बेहतर प्रशिक्षण, खेल उपकरण और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं तो पंजाब के युवा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस खेल में भी देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।
खिलाड़ियों को हरसंभव सुविधा देने का प्रयास
जिला खेल अधिकारी नवदीप जिंदल ने दोनों खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि मोगा जिले के खिलाड़ियों का एशिया चैंपियनशिप में हिस्सा लेना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि इससे जिले के अन्य युवाओं को भी खेलों के प्रति प्रेरणा मिलेगी।
नवदीप जिंदल ने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से युवाओं को खेलों से जोड़ने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि रोपड़ में खिलाड़ियों के लिए जरूरी खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। खेलों में आगे आने वाले बच्चों को नियमों के अनुसार उपलब्ध सुविधाएं मुहैया करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। खेल न केवल युवाओं को स्वस्थ रखने में सहायक हैं, बल्कि उन्हें जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर भी प्रदान करते हैं। मोगा के दो खिलाड़ियों की एशिया स्तर की प्रतियोगिता में भागीदारी से अन्य युवाओं को भी रोइंग सहित विभिन्न खेलों से जुड़ने की प्रेरणा मिलेगी।
📍 Location: मोगा
मेष: दिन शुभ रहेगा...