Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

26 को मनाया जाएगा भगवान वाल्मीकि जी का प्रकट दिवस

October 1, 2026

26 को मनाया जाएगा भगवान वाल्मीकि जी का प्रकट दिवस

Valmiki Jayanti Celebrations on 26 : अमृतसर। भगवान श्री वाल्मीकि जी का प्रकट दिवस 26 अक्टूबर को भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल, रामतीर्थ में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया जाएगा। तैयारियों को लेकर डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने संत समाज और धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, ट्रैफिक, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पानी और अन्य सुविधाओं के प्रबंधों को लेकर निर्देश जारी किए।

बैठक के दौरान संत समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भगवान वाल्मीकि महाराज जी के प्रकट दिवस को समर्पित धार्मिक कार्यक्रमों एवं शोभा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल, रामतीर्थ, अमृतसर में होने वाले मुख्य समारोह में देश-विदेश से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर भगवान वाल्मीकि महाराज जी का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में विभिन्न राज्यों एवं जिलों से संगतों द्वारा शोभा यात्राएं निकाली जाएंगी।

4 अक्टूबर को लुधियाना से शोभा यात्रा भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल, रामतीर्थ पहुंचेगी। इसके अलावा 9, 10 एवं 11 अक्टूबर को संगत हॉल में रामलीला कमेटियों द्वारा अखंड ज्योत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी श्रृंखला के तहत 18 अक्टूबर को जालंधर से लगभग 35 से 40 हजार श्रद्धालु भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल पहुंचेंगे। इसके अलावा 22 अक्टूबर को भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल से अमृतसर शहर में शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जबकि 24 अक्टूबर को केंद्रीय वाल्मीकि मंदिर, हाथी गेट, अमृतसर से शहर के अंदरूनी क्षेत्रों में शोभा यात्रा निकाली जाएगी।

भगवान वाल्मीकि महाराज जी का प्रकट दिवस 26 अक्टूबर 2026 को भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल, रामतीर्थ में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे तथा तीर्थ स्थल पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह ने कहा कि इस समारोह को पूरे उत्साह एवं श्रद्धा भावना के साथ मनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न कमेटियां गठित की गई हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए कंट्रोल रूम, ट्रैफिक, सैनिटेशन, डेकोरेशन, लंगर, मेडिकल सुविधाओं और पीने वाले पानी के प्रबंध प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किए जाएं।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें