Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

वाल्मीकि प्रगट उत्सव शोभायात्रा के लिए पुख्ता प्रबंध होंगे

October 1, 2026

वाल्मीकि प्रगट उत्सव शोभायात्रा के लिए पुख्ता प्रबंध होंगे

Elaborate Arrangements for Valmiki Procession : जालंधर। भगवान वाल्मीकि जी के प्रगट उत्सव के अवसर पर 24 अक्टूबर को निकाली जाने वाली शोभायात्रा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत, चंदन ग्रेवाल, डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया और पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के साथ समीक्षा बैठक की। अधिकारियों ने यातायात, पार्किंग, सफाई और सुरक्षा सहित सभी जरूरी प्रबंध सुनिश्चित करने का भरोसा दिया।

आज यहां विभिन्न धार्मिक व सामाजिक संगठनों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने विश्वास दिलाया कि शोभा यात्रा के दौरान श्रद्धालु पूरे धार्मिक उत्साह और जोश के साथ भाग ले सकें, इसके लिए सभी उचित प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि समारोह को पूरी तरह सफल बनाने के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि शोभा यात्रा के दौरान किए जाने वाले जरूरी प्रबंधों जैसे आवागमन के वैकल्पिक प्रबंध, वाहनों की पार्किंग, शोभा यात्रा के रूट, सफाई और सुरक्षा आदि के पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी समस्या का सामना न करना पड़े।

उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रगट उत्सव को पूरी धार्मिक मर्यादा के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने लोगों को आह्वान किया कि भगवान वाल्मीकि जी द्वारा बताए मार्ग पर चलते हुए समानता वाले समाज की रचना में अपना बहुमूल्य योगदान दें। उन्होंने सामाजिक और धार्मिक संगठनों द्वारा हर वर्ष इस समारोह को करवाने के लिए किए जा रहे समर्पित प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने आश्वासन दिलाया कि बैठक के दौरान दिए गए सुझावों को पूरी तरह लागू किया जाएगा।

पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करते हुए कहा कि कमिश्नरेट पुलिस द्वारा प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे। इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक व सामाजिक संगठनों ने बैठक में शामिल होकर अपने विचार प्रस्तुत किए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें