Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

रिज से जाखू तक चला स्वच्छता अभियान, 110 किलो प्लास्टिक कचरा जुटाया

October 3, 2026

रिज से जाखू तक चला स्वच्छता अभियान, 110 किलो प्लास्टिक कचरा जुटाया

शिमला। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के उपलक्ष्य में “मेरा भारत–मेरी जिम्मेदारी” पहल के तहत शिमला में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। मेरा युवा भारत, शिमला तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के स्वयंसेवकों ने निफा एनजीओ, शिमला के सदस्यों के साथ मिलकर रिज मैदान से जाखू हनुमान मंदिर तक स्वच्छता अभियान चलाया।

अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने रिज मैदान से जाखू मंदिर तक सड़क के दोनों ओर और मंदिर परिसर में सफाई की। इस दौरान करीब 110 किलोग्राम प्लास्टिक कचरा एकत्रित किया गया। इसमें बड़ी मात्रा में सिंगल यूज प्लास्टिक शामिल था।

स्वयंसेवकों ने सफाई के साथ-साथ स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने लोगों से प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने और सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलाने की अपील की।

आयोजकों ने कहा कि शिमला देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए प्रमुख पर्यटन स्थल है। ऐसे में शहर को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाए रखना प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है। स्वच्छ वातावरण न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है।

अभियान के अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियानों में सक्रिय भागीदारी करने का संकल्प लिया। आयोजकों ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाए।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें