Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

जानें कौन थे मैड संधू: मेकअप आर्टिस्ट से सोशल मीडिया स्टार तक का सफर, इस गैंग ने हत्या की ली जिम्मेदारी

October 4, 2026

जानें कौन थे मैड संधू: मेकअप आर्टिस्ट से सोशल मीडिया स्टार तक का सफर, इस गैंग ने हत्या की ली जिम्मेदारी

Famous makeup artist Mad Sandhu : पंजाब के अमृतसर में मशहूर मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू की गोली मारकर की गई हत्या के बाद लागातार मामला ट्रेडिंग में है। मैड संधू मेकअप, फैशन, लाइफस्टाइल और सोशल मीडिया कंटेंट के लिए काफी पॉपुलर थे। मैड संधू की सोशल मीडिया पर बड़ी फैन फॉलोइंग थी। आइये विस्तार से जानते हैं कि किन कामों में एक्टिव थे मैड संधू।

मैड संधू का असली नाम मधुसूदन बताया जाता है। वह पंजाब के जाने-माने मेकअप आर्टिस्ट, स्टाइलिस्ट और सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर थे। उन्होंने पंजाबी मनोरंजन जगत में भी काम किया था और सोशल मीडिया पर उनकी अच्छी फैन फॉलोइंग थी। वह अक्सर पॉडकास्ट और डिजिटल कार्यक्रमों में नजर आते थे। इन कार्यक्रमों में वह मेकअप, पंजाबी मनोरंजन जगत, फैशन और जेंडर से जुड़े मुद्दों पर अपनी राय रखते थे।

सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय थे
मैड संधू सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते थे। वह अपने काम के अलावा अपनी निजी सोच और सामाजिक मुद्दों पर भी खुलकर बात करते थे। LGBTQ समुदाय से जुड़े मुद्दों पर भी वह अपनी बात सामने रखते थे। इसी वजह से उन्हें सोशल मीडिया पर कई बार ट्रोलिंग और होमोफोबिक टिप्पणियों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने अपनी पहचान और विचारों को लेकर खुलकर बोलना जारी रखा।

फैशन इंडस्ट्री से शुरू किया था करियर
मैड संधू ने अपने करियर की शुरुआत फैशन इंडस्ट्री से की थी। मेकअप आर्टिस्ट और डिजिटल क्रिएटर के रूप में पहचान बनाने से पहले उन्होंने पंजाब और मुंबई में फिल्मों से जुड़े काम किए। उन्होंने फिल्मों में स्टाइलिस्ट और असिस्टेंट कॉस्ट्यूम डिजाइनर के तौर पर भी काम किया था। धीरे-धीरे उन्होंने मेकअप आर्टिस्ट के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई और बाद में सोशल मीडिया पर भी लोकप्रिय हो गए।

गाड़ी धुलवाने जा रहे थे मैड संधू
बताया जा रहा है कि मैड संधू शनिवार शाम करीब 6 बजे अपनी गाड़ी धुलवाने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात लोग वहां पहुंचे। हमलावरों ने संधू को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायरिंग की। इस गोलीबारी में उन्हें दो गोलियां लगीं और वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। संधू को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से गोली के दो खाली खोखे भी बरामद किए हैं। DCP प्रभजोत सिंह विर्क ने न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में बताया कि गोली लगने के कारण मैड संधू की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि मामले में FIR दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले की जांच के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज और दूसरे सबूतों की मदद से हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। पुलिस को जांच के दौरान कुछ अहम सुराग मिले हैं और आरोपियों को जल्द पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

क्या गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों का हत्या से संबंध?
मैड संधू की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर एक कथित पोस्ट सामने आई है। यह पोस्ट यूके में बैठे गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के नाम से बताई जा रही है। इस कथित पोस्ट में हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में आरोप लगाया गया कि मैड संधू अपनी गतिविधियों के जरिए नई पीढ़ी को गुमराह कर रहे थे और उनके सोशल मीडिया पोस्ट्स पर भी सवाल उठाए गए।

हालांकि, इस सोशल मीडिया पोस्ट की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने भी अभी तक सार्वजनिक तौर पर यह पुष्टि नहीं की है कि हत्या के पीछे गोल्डी ढिल्लों या उसके किसी सहयोगी का हाथ है। कथित पोस्ट में कुछ अन्य लोगों और समूहों का भी जिक्र किया गया है। साथ ही कुछ लोगों को कथित तौर पर चेतावनी भी दी गई है।

हत्या से जुड़े कई सवाल
मैड संधू की सरेआम गोली मारकर हत्या के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर हमलावर कौन थे? उन्होंने संधू को ही निशाना क्यों बनाया? क्या हत्या के पीछे कोई पुरानी रंजिश थी या कोई और वजह? सोशल मीडिया पर सामने आए कथित पोस्ट की भी पुलिस जांच कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की असली वजह और हमलावरों की पहचान जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को पकड़ने के लिए जांच लगातार जारी है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें