Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोगाः पुरानी रंजिश के चलते 4 युवकों पर युवक पर तेजधार हथियारों से किया हमला, ईंटें लेकर लौट रहा था मोगा

October 4, 2026

मोगाः पुरानी रंजिश के चलते 4 युवकों पर युवक पर तेजधार हथियारों से किया हमला, ईंटें लेकर लौट रहा था मोगा

मोगा: शहर के महिमा सिंह वाला रोड पर रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब ट्रैक्टर पर ईंटें लेकर मोगा की ओर लौट रहे एक युवक को मोटरसाइकिल सवार 4 लोगों ने कथित तौर पर घेर लिया। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते हमलावरों ने युवक पर तेजधार हथियारों से हमला कर उसे घायल कर दिया। घायल युवक को उपचार के लिए मोगा के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

सिविल अस्पताल में उपचाराधीन गुरप्रीत सिंह (27) पुत्र जीत सिंह निवासी बगेआना बस्ती ने बताया कि वह अकालसर रोड स्थित हीरा बिल्डिंग मटेरियल पर काम करता है। रविवार दोपहर वह ट्रैक्टर पर ईंटें लेकर गांव महिमा सिंह वाला की तरफ से मोगा लौट रहा था। जब वह नारायण स्कूल के नजदीक पहुंचा तो पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार चार युवक वहां पहुंचे। पीड़ित के अनुसार, युवकों ने अपने चेहरे ढके हुए थे और उन्होंने उसका रास्ता रोककर उसे घेर लिया।

गुरप्रीत सिंह ने आरोप लगाया कि चारों युवकों ने पुरानी रंजिश को लेकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और तेजधार हथियारों से हमला कर उसे घायल कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों की मदद से घायल युवक को उपचार के लिए मोगा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।

सिविल अस्पताल के इमरजेंसी स्टाफ ने घायल को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद घटना की सूचना संबंधित पुलिस को दे दी गई। पुलिस द्वारा घायल युवक के बयान दर्ज करने तथा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने सहित अन्य पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस जांच के बाद ही हमले में शामिल आरोपियों की पहचान और घटना के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें