शिमला। जिला कांग्रेस कमेटी शिमला की संगठनात्मक बैठक सोमवार को राजीव भवन में आयोजित की गई। बैठक में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूचियों के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) में कथित अनियमितताओं को लेकर चर्चा की गई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि SIR के चलते बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम प्रभावित हो रहे हैं और उन्हें उनके लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित किए जाने की आशंका है। बैठक में इन मुद्दों को लेकर आंदोलन को और तेज करने का निर्णय लिया गया।
जिला कांग्रेस ने तय किया कि चुनाव आयोग के फैसलों के खिलाफ जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपने की प्रक्रिया जारी रखी जाएगी। बैठक में चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी आर-पार की लड़ाई लड़ेगी और इसे बूथ व वार्ड स्तर तक ले जाया जाएगा।
बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को बूथ और वार्ड स्तर पर मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर लोगों से संवाद स्थापित करने और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही वार्ड और बूथ कमेटियों को सक्रिय एवं प्रभावी बनाने की रणनीति तैयार की गई।
जिला कार्यकारिणी के विस्तार को लेकर भी बैठक में सहमति बनी। हाईकमान के दिशा-निर्देशों के तहत संगठन में नए, युवा और सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां देने का निर्णय लिया गया। पार्टी नेताओं ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को आगे लाया जाएगा। साथ ही अनुशासनहीनता और पार्टी के निर्देशों की अवहेलना को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैठक में संगठन महासचिव दीपक सुंद्रियाल, उपाध्यक्ष जगदीश, रवि राणा, वीनेश ठाकुर, कुश पाल सिंह, सत्या वर्मा, जय प्रकाश, मंगल, नरेश गांधी, उमा वर्मा, विशाल ठाकुर, धीरेन्द्र गुप्ता, आषुतोष गोमा, महासचिव मुकेश भाटिया, दीक्षित जोगटा, सुमित गौतम, अमृतपाल सिंह, विक्की शुभ, रोहित कश्यप, सचिव गुरविंदर सिंह, धीरज कश्यप, संदीप ठाकुर, संतोष शर्मा, कपिल धारीवाल, सचिन पटियाल, अल्बर्ट मैसी, रमेश, हिमांशु कुमार, पवन तनेजा, नरेंद्र ठाकुर, गौरव घरू, धीरज परमार, प्रियंका, अमनदीप सिंह, महिन्द्रजीत बबलू, पंकज, रंजीत कर्नल और अंकुश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
📍 Location: शिमला (शिमला)
मेष: दिन शुभ रहेगा...