पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में उत्कृष्ट कार्य करने वाले थाना धर्मकोट के एसएचओ जितेंद्र सिंह को पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान ने सम्मानित किया। एसएचओ जितेंद्र सिंह को उनकी अच्छी कारगुजारी, नशा विरोधी अभियान में प्रभावी कार्रवाई तथा कानून-व्यवस्था को बेहतर ढंग से बनाए रखने के लिए प्रशंसा पत्र के साथ नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।
सम्मान मिलने के बाद एसएचओ जितेंद्र सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए गर्व और जिम्मेदारी दोनों का विषय है। उन्होंने इस सम्मान के लिए परमात्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस विभाग में ड्यूटी के दौरान समाज की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखना और नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस की मुहिम को और मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस टीम द्वारा नशा तस्करों पर नजर रखने के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों की जांच और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सामूहिक जिम्मेदारी है। एसएचओ जितेंद्र सिंह ने इस सम्मान का श्रेय अपने वरिष्ठ अधिकारियों और पूरी पुलिस टीम को देते हुए कहा कि टीम के सहयोग और मार्गदर्शन के बिना इस प्रकार की उपलब्धि संभव नहीं हो सकती थी। उन्होंने अपने वरिष्ठ अधिकारियों का विशेष रूप से धन्यवाद किया और पुलिस टीम के सभी कर्मचारियों की मेहनत की सराहना की।
मुख्यमंत्री पंजाब द्वारा एसएचओ जितेंद्र सिंह को सम्मानित किए जाने से पुलिस विभाग में भी उत्साह का माहौल है। अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनकी इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी पुलिस टीम इसी तरह नशे के खिलाफ कार्रवाई और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में बेहतर सेवाएं प्रदान करती रहेगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...