Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

सुक्खू सरकार पर हमला, बोले- कांग्रेस में सतह पर आई गुटबाजी

October 8, 2026

सुक्खू सरकार पर हमला, बोले- कांग्रेस में सतह पर आई गुटबाजी

Opposition Leader Criticises Congress Protest : मंडी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंडी में भाजपा महिला मोर्चा के ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ रंगोली कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सेवाकाल का उल्लेख किया और प्रदेश की राजनीतिक स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू व कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस में गुटबाजी और दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर भी सवाल उठाए।

इस अवसर पर मंडी के प्रभारी एवं पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, विधायक इंद्र सिंह, विधायक पूर्ण चंद ठाकुर, भाजपा जिलाध्यक्ष निहाल चंद शर्मा, मंडी नगर निगम की मेयर सुमन ठाकुर और महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सीमा शर्मा सहित कई प्रमुख नेता एवं कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के पश्चात मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल और समर्पित सेवाकाल के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में इस प्रकार के विशेष व प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

आज संपूर्ण देशवासी यही हृदय से चाहते हैं कि आगामी 25 वर्षों तक भी नरेंद्र मोदी ही देश का कुशल नेतृत्व करते रहें। प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर बोलते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर करारा हमला बोला और कहा कि मुख्यमंत्री को शायद ऐसा लगता है कि वे हॉलीलॉज को डिसलाॅज करने में पूरी तरह सफल रहे हैं, लेकिन उनकी यह सोच बिल्कुल सही नहीं है जिस नेता का हिमाचल प्रदेश के समग्र विकास में विशेष योगदान रहा हो, उन्हें इस प्रकार से भुला देना और उनका निरंतर निरादर करना केवल और केवल कांग्रेस पार्टी की ही संकीर्ण संस्कृति हो सकती है।

उन्होंने आगे कहा कि पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह की हालिया बयानबाजी के बाद कांग्रेस पार्टी के भीतर जारी भीषण गुटबाजी अब पूरी तरह से सतह पर आ चुकी है और साफ नज़र आ रही है। मुख्यमंत्री अक्सर भाजपा के अंदर गुट गिनाते रहते हैं, लेकिन आज वे खुद अपने भीतर झांककर देख लें कि कांग्रेस में एक नहीं बल्कि अनगिनत गुट पैदा हो चुके हैं तथा पार्टी के नेतृत्व को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इसके अलावा दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ किए जा रहे प्रदर्शन की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि गांधी परिवार देश के संविधान से ऊपर नहीं है।

इसलिए कांग्रेस नेताओं को देश में अराजकता का माहौल खड़ा करने से पूरी तरह बाज़ आना चाहिए और संवैधानिक पदों का सम्मान करना सीखना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि राहुल गांधी पड़ोसी देश बांग्लादेश के वर्तमान राजनीतिक हालात से बहुत ज्यादा प्रभावित हैं और उन्हें यह गलतफहमी हो गई है कि देश में अराजकता फैलाकर चुनी हुई सरकार को गिराया जा सकता है, लेकिन वे बहुत बड़ी गलतफहमी में जी रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें