Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

अमेरिका में तूफान इसायस का कहर, फ्लोरिडा और अलबामा के 7 लाख घरों की बिजली गुल

October 10, 2026

अमेरिका में तूफान इसायस का कहर, फ्लोरिडा और अलबामा के 7 लाख घरों की बिजली गुल

इंटरनेशनल डेस्क। अमेरिका के फ्लोरिडा पैनहैंडल और अलबामा में तूफान इसायस ने भारी तबाही मचाई है। तूफान के चलते 7.26 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ताओं की आपूर्ति बाधित हो गई, जबकि कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं हैं। तूफान के आगे बढ़ने के साथ ही अधिकारियों ने फ्लोरिडा, जॉर्जिया और कैरोलाइना के कुछ हिस्सों में बवंडर आने की आशंका भी जताई है।

नेशनल ओशनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन (एनओएए) और उसका नेशनल हरिकेन सेंटर (एनएचसी) पोस्ट-ट्रॉपिकल इसायस पर लगातार नजर रख रहे हैं। इसायस शुक्रवार रात को फ्लोरिडा के डेस्टिन के पास अटलांटिक तूफान सत्र के पहले हरिकेन के रूप में तट से टकराया। उस समय यह श्रेणी-2 का हरिकेन था। इसके बाद यह तेजी से उत्तर की ओर बढ़ा और अलबामा पहुंचने तक इसकी हवाओं की गति में काफी कमी आ गई।

तूफान के दौरान खाड़ी तट के निचले इलाकों में तेज हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया। फ्लोरिडा के डेस्टिन में सड़कें पानी में डूब गईं। वहीं, पेंसाकोला में पुलिस ने सड़कों पर बिखरे मलबे को देखते हुए लोगों से घरों में रहने और बाहर नहीं निकलने की अपील की। फ्लोरिडा पैनहैंडल के कुछ काउंटी में शुक्रवार रात खराब मौसम और खतरनाक परिस्थितियों के कारण आपातकालीन सेवाओं को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि तूफान से हुए नुकसान का आकलन तत्काल नहीं किया जा सका।

अलबामा के दक्षिणी हिस्सों में भी बाढ़ जैसी स्थिति बनी। मोबाइल शहर में अधिकारियों ने पेड़ और बिजली की लाइनें गिरने की जानकारी दी। राज्य के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में स्थित ह्यूस्टन काउंटी में भी इसी तरह की परिस्थितियों के कारण कई सड़कों को बंद करना पड़ा। बिजली आपूर्ति पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘पावरआउटेज डॉट कॉम’ के अनुसार, शनिवार सुबह तक फ्लोरिडा और अलबामा में 7,26,000 से अधिक उपभोक्ताओं के घरों और प्रतिष्ठानों में बिजली नहीं थी।

तूफान कमजोर पड़ने के बावजूद मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी दी है। सप्ताहांत के दौरान दक्षिणी अलबामा, फ्लोरिडा पैनहैंडल, बिग बेंड क्षेत्र और दक्षिण-पश्चिमी जॉर्जिया में 10 से 20 सेंटीमीटर या इससे अधिक बारिश होने का अनुमान है। इससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है। इसायस के कारण शुक्रवार को फ्लोरिडा पैनहैंडल के कई हवाई अड्डों पर उड़ानें प्रभावित हुईं। डेस्टिन-फोर्ट वॉल्टन बीच एयरपोर्ट से आने-जाने वाली सभी उड़ानें रोक दी गईं।

यह तूफान 2024 में हरिकेन मिल्टन के फ्लोरिडा के खाड़ी तट पर तबाही मचाने के बाद पूर्वी अमेरिका से टकराने वाला पहला हरिकेन बताया गया है। इसायस के सप्ताहांत में अमेरिका के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में भारी बारिश और बाढ़ का खतरा पैदा करने की आशंका है। इसके बाद सोमवार तक इसका असर मिडवेस्ट और उत्तर-पूर्वी अमेरिका के कुछ हिस्सों में भी देखने को मिल सकता है।

इस बीच, प्रशांत महासागर में हरिकेन साइमन मजबूत होकर श्रेणी-4 के तूफान में बदल गया है और मैक्सिको के तट की ओर बढ़ रहा है। वहीं, उष्णकटिबंधीय तूफान रेचल के भी सप्ताहांत में उत्तरी मैक्सिको और दक्षिणी कैलिफोर्निया में तेज हवाओं और भारी बारिश का कारण बनने की आशंका है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें