Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

T20 क्रिकेट में बल्लेबाजों का बढ़ता दबदबा, चहल बोले- गेंदबाजों के लिए भी मददगार हो पिच

October 10, 2026

T20 क्रिकेट में बल्लेबाजों का बढ़ता दबदबा, चहल बोले- गेंदबाजों के लिए भी मददगार हो पिच

खेल डेस्क: रांची में शुक्रवार को वेस्टइंडीज ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में भारत के खिलाफ 250 रनों का लक्ष्य सफलतापूर्वक चेज करते हुए इतिहास रचा। कैरेबियाई टीम के आसानी से लक्ष्य तक पहुंचने के बाद स्पिन गेंदबाज युजवेंद्र चहल ने टी20 क्रिकेट में बल्लेबाजों के लिए लगातार आसान होती परिस्थितियों पर चिंता जताई है।

चहल ने तर्क दिया कि सपाट पिच, ओस और छोटी बाउंड्री के कारण गेंदबाजों के लिए मुकाबले में बने रहना मुश्किल होता जा रहा है।

गेंदबाज क्या करें? उनकी स्किल का क्या फायदा?

जियोस्टार के साथ बात करते हुए चहल ने कहा, “ऐसी पिचों पर गेंदबाजों के लिए कुछ नहीं होता। जब गेंद पुरानी हो जाती है और ओस पड़ती है, तो गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आती है और मैदान भी छोटे होते जा रहे हैं। हमने आईपीएल में भी ऐसा देखा है, जहां 19 ओवर में 260 रन का लक्ष्य हासिल किया गया। इस मैच में भी 18.3 ओवर में आसानी से 250 रन बना लिए गए। तो, गेंदबाज क्या करें? उनकी स्किल का क्या फायदा?”

दूसरे टी20 में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 5 विकेट खोकर 249 रन बनाए। हालांकि, वेस्टइंडीज ने लक्ष्य को आसानी से 9 गेंदें शेष रहते हुए चेज कर लिया। कैरेबियाई टीम की ओर से शाई होप ने 45 गेंदों पर नाबाद 102 रन बनाए, जबकि शेरफेन रदरफोर्ड ने 37 गेंदों पर 84 रन बनाए। भारत द्वारा शुरुआती सफलताएं हासिल करने के बाद, होप और रदरफोर्ड की 120 रनों की साझेदारी ने मैच का रुख वेस्टइंडीज के पक्ष में मोड़ दिया, जिससे मेहमान टीम 252/4 के स्कोर तक पहुंची और 6 विकेट से जीत हासिल करने में सफल रही।

‘वरना बॉलिंग मशीन ही लगा देनी चाहिए’

चहल ने कहा, “मैं उनकी स्थिति समझता हूं क्योंकि मैं भी एक गेंदबाज हूं। जब मैं आईपीएल में छोटे मैदानों और सपाट विकेट पर गेंदबाजी करता हूं, तो वहां ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ का नियम भी होता है। पहले, जब ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ का नियम नहीं था, तो छह ओवर में 50 रन बनते थे और 170-180 का स्कोर एक अच्छा टोटल माना जाता था। हालांकि, आजकल शुरुआती छह ओवरों में ही 70-80 रन बन जाते हैं और मैच वहीं खत्म हो जाता है। इसी वजह से विकेट में गेंदबाजों के लिए कुछ मदद होनी चाहिए, वरना बस बॉलिंग मशीन ही लगा देनी चाहिए।”

इस जीत के साथ ही वेस्टइंडीज ने पांच मैचों की टी20 सीरीज को 1-1 से बराबर कर दिया है। सीरीज का तीसरा मुकाबला रविवार को इंदौर के होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। इस ग्राउंड पर भी रनों का अंबार लगने की उम्मीद की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें