Last Updated: October 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली को अखाड़ा बनाने की कोशिश कर रहे राहुल गांधी, केजरीवाल और सीजेपी : CM Rekha Gupta

October 11, 2026

दिल्ली को अखाड़ा बनाने की कोशिश कर रहे राहुल गांधी, केजरीवाल और सीजेपी : CM Rekha Gupta

नई दिल्लीी : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली में जारी धरना-प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी, आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और सीजेपी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेता मिलकर दिल्ली को राजनीतिक अखाड़ा बनाना चाहते हैं और अपनी राजनीतिक हार की खीझ जनता पर निकाल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कों पर अव्यवस्था के कारण आम नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ रही है, जिसका जवाब विपक्ष को देना चाहिए।

रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रदर्शन और राजनीतिक गतिविधियों के कारण काम पर जाने वाले कर्मचारियों, रोज कमाकर परिवार चलाने वाले श्रमिकों और अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को होने वाली परेशानियों की जिम्मेदारी कौन लेगा? उन्होंने सवाल उठाया कि क्या विपक्ष की राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं दिल्ली के लाखों परिवारों की रोजी-रोटी, सुरक्षा और शांति से बड़ी हैं? मुख्यमंत्री ने अपने बयान में कहा कि दिल्ली की जनता ने विकास के लिए मतदान किया है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की जनता ने उन्हें लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने का जनादेश दिया, लेकिन परिवारवाद और अवसरवाद की राजनीति करने वाले दल इस जनसमर्थन को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। रेखा गुप्ता ने अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राजनीतिक स्वार्थ के लिए दिल्ली की शांति और सुरक्षा को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने विपक्ष की राजनीति को अराजकता फैलाने वाला बताते हुए कहा कि लोकतंत्र की आड़ में जनादेश को चुनौती देने की कोशिशों का मजबूती से मुकाबला किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि दिल्ली को बंधक बनाने की छूट किसी को नहीं मिलेगी। उन्होंने जोर दिया कि राजधानी की शांति, सुरक्षा और सामान्य जनजीवन से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। रेखा गुप्ता का यह बयान ऐसे समय आया है, जब दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया रोकने की मांग को लेकर विपक्षी दलों का प्रदर्शन जारी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें