Last Updated: October 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

नेपाल में फिर अचानक आई बाढ़, देखते ही देखते बह गए कई मकान व पुल; गांवों में मचा हड़कंप

October 11, 2026

नेपाल में फिर अचानक आई बाढ़, देखते ही देखते बह गए कई मकान व पुल; गांवों में मचा हड़कंप

काठमांडू: नेपाल के गोरखा जिले में रविवार को एक नदी में अचानक आई बाढ़ से 35 से अधिक मकान और पुल बह गए। प्राधिकारियों ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की है। ‘काठमांडू पोस्ट’ की खबर के अनुसार, चुमनुब्री ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड संख्या तीन के अध्यक्ष राम कुमार गुरुंग ने बताया कि बूढ़ी गंडकी नदी में आई बाढ़ से सल्लेरी, पायूका और जगत में नदी किनारे स्थित मकान बह गए। बाढ़ में वार्ड को जोड़ने वाला एक पुल भी बह गया।

गोरखा के मुख्य जिला अधिकारी धर्मेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि शुरुआती खबरों के अनुसार, सिउरीबास के ऊपरी इलाके में भूस्खलन हुआ था। उन्होंने कहा कि अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। नदी में अचानक जलस्तर बढ़ने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। स्थानीय लोगों को संदेह है कि चुमनुब्री-6 में लोकपा और चुमलिंग के बीच बूढ़ी गंडकी की सहायक नदी स्यार का प्रवाह बाधित हो गया होगा, जिससे बाढ़ आई।

अधिकारियों ने बताया कि अचानक आई बाढ़ से उत्तरी गोरखा के कई इलाकों में 35 से अधिक मकान बह गए। समाचार पोर्टल ‘ऑनलाइन खबर’ के अनुसार, चुमनुब्री ग्रामीण नगरपालिका की उपाध्यक्ष लक्ष्मी गुरुंग ने कहा कि रविवार सुबह बूढ़ी गंडकी नदी में आई बाढ़ ने उन्हें रसुवा में भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ की याद दिला दी। उन्होंने कहा, ”बूढ़ी गंडकी में आई बाढ़ ने भोटेकोशी की बाढ़ की याद दिला दी। इसमें दर्जनों मकान बह गए हैं। फिलहाल नुकसान का सही आकलन करना संभव नहीं है।”

रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी में 26 अगस्त को भीषण बाढ़ आई थी। राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) के अनुसार, रसुवा और त्रिशूली नदी क्षेत्रों में आई बाढ़ से 1,455 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 5,285 लोग लापता थे।

गृह मंत्री सुदन गुरुंग ने बताया कि बाढ़ में चुमनुब्री-3 के न्याकचेत और फिलिम बाजार को जोड़ने वाला पुल भी बह गया है। उन्होंने कहा कि नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बचाव अभियान, राहत सामग्री पहुंचाने और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने के लिए हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं। नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल और स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों को बचाव एवं राहत कार्यों में लगाया गया है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें