Last Updated: October 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

कुल्लू दशहरा में सेवा और जागरूकता का संदेश देंगे वॉलंटियर्स

October 13, 2026

कुल्लू दशहरा में सेवा और जागरूकता का संदेश देंगे वॉलंटियर्स

Team Sahbhagita to Support Police During Kullu Dussehra : कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव को सुरक्षित, सुचारू और व्यवस्थित बनाने के लिए टीम सहभागिता ने कमर कस ली है। उत्सव के दौरान करीब 50 वॉलंटियर्स पुलिस और जिला प्रशासन के साथ मिलकर भीड़ प्रबंधन, यातायात जागरूकता और श्रद्धालुओं व पर्यटकों को मार्गदर्शन देने में सहयोग करेंगे। इसके अलावा फ्लैश मॉब के जरिए सड़क सुरक्षा, नशे से बचाव, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा।

उत्सव के दौरान स्वयंसेवी सेवाओं की रूपरेखा तैयार करने और वॉलंटियर्स की जिम्मेदारियां निर्धारित करने के लिए टीम की बैठक आयोजित की गई। इसमें लगभग 50 वॉलंटियर्स सहित संस्था के अध्यक्ष बीजू हिमदल, उपाध्यक्ष राज सिंघानिया और अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में एसपी कुल्लू ने विशेष रूप से शिरकत कर वॉलंटियर्स का मार्गदर्शन किया। उन्होंने उत्सव के दौरान पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने, भीड़ प्रबंधन में सहयोग देने, यातायात संबंधी जागरूकता बढ़ाने और श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करने पर जोर दिया।

उन्होंने वॉलंटियर्स को अनुशासन, जिम्मेदारी और सेवाभाव के साथ अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। टीम सहभागिता के अध्यक्ष बीजू हिमदल ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से पिछले वर्षों में टीम द्वारा दी गई सेवाओं और इस वर्ष की तैयारियों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि टीम सहभागिता पिछले छह-सात वर्षों से अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा के दौरान सक्रिय रूप से स्वयंसेवी सेवाएं प्रदान कर रही है। इस वर्ष भी टीम पुलिस प्रशासन एवं जिला प्रशासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप उत्सव की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में सहयोग करेगी।

उन्होंने कहा कि दशहरा जैसे विशाल अंतरराष्ट्रीय आयोजन में स्वयंसेवकों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। टीम का प्रयास रहेगा कि वॉलंटियर्स के माध्यम से आमजन को सही मार्गदर्शन मिले, व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में सहयोग मिले और श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर अनुभव प्राप्त हो। फ्लैश मॉब से देंगे सामाजिक जागरूकता का संदेश इस वर्ष टीम सहभागिता स्वयंसेवी सेवाओं के साथ फ्लैश मॉब के माध्यम से भी लोगों को जागरूक करेगी। सड़क सुरक्षा, नशे से बचाव, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आकर्षक प्रस्तुतियों के जरिए सामाजिक संदेश दिया जाएगा।

इस पहल का उद्देश्य उत्सव में युवाओं की सकारात्मक भागीदारी बढ़ाना और जनहित से जुड़े मुद्दों के प्रति लोगों को जागरूक करना है। बैठक में वॉलंटियर्स के बीच बेहतर तालमेल, अनुशासन, विनम्र व्यवहार और टीम भावना के साथ कार्य करने पर विशेष जोर दिया गया। टीम ने संकल्प लिया कि अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा के दौरान उसके स्वयंसेवक पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ पुलिस प्रशासन का सहयोग करेंगे। टीम सहभागिता का उद्देश्य केवल स्वयंसेवी सेवाएं देना ही नहीं, बल्कि प्रशासन के साथ मिलकर जनसहयोग, जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना भी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें